देशभर में जहां स्वतंत्रता दिवस का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा था, वहीं गुना जिले की कुंभराज तहसील स्थित सीएम राइज स्कूल में एक अप्रिय घटना सामने आई। यहां का गरिमामय मंच राजनीतिक खींचतान और हंगामे का अखाड़ा बन गया।

भाषण के दौरान गरमाया माहौल

कुंभराज के सीएम राइज स्कूल प्रबंधन द्वारा आयोजित इस स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्थानीय भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया गया था। छात्र और ग्रामीण कार्यक्रम में मौजूद थे।

समारोह के दौरान जब भाजपा नेता राजबहादुर सिंह चौहान ने माइक संभाला, तो उन्होंने अपने संबोधन में इतिहास और राजनीतिक नेतृत्व का जिक्र करना शुरू कर दिया। उनके बयानों से वहां मौजूद विपक्षी नेताओं को आपत्ति हुई।

कांग्रेस नेता ने किया विरोध

भाजपा नेता द्वारा राष्ट्रीय पर्व के मंच से राजनीतिक टिप्पणियां करने पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता राधेश्याम मीणा (अमाल्या) ने तुरंत इसका विरोध किया और अपनी आपत्ति जताई।

विरोध के बाद दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई और धक्का-मुक्की में बदल गई। दोनों पक्षों के समर्थक भी मंच पर आ धमके।

बिना पूरी औपचारिकता के समाप्त हुआ कार्यक्रम

मंच पर बढ़ते तनाव और हंगामे को देखते हुए आयोजकों के हाथ-पांव फूल गए। स्थिति को संभालते हुए आनन-फानन में कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा करनी पड़ी और राष्ट्रगान समेत अन्य औपचारिकताएं पूरी किए बिना ही आयोजन समेटना पड़ा।