होटल राज पैलेस में पुलिस की दबिश
गुना जिले के चांचौड़ा इलाके में स्थित होटल राज पैलेस में पुलिस ने शनिवार शाम करीब चार बजे अचानक कार्रवाई की थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि इस निजी होटल में संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरों की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान होटल के कमरों से तीन युवक और तीन युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले। इस दौरान पुलिस ने मौके से होटल मैनेजर को भी हिरासत में ले लिया, जबकि होटल संचालक की संलिप्तता की जांच की जा रही है।
ब्यावरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समेत तीन युवक गिरफ्तार
पकड़े गए युवकों की पहचान राहुल दांगी (30) निवासी ब्यावरा, उमाकांत पुरी निवासी गुना और इंद्र सिंह मेहर (22) निवासी बीनागंज के रूप में हुई। इनमें से राहुल दांगी ब्यावरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
युवतियों के परिजनों को मौके पर बुलाया गया, लेकिन उन्होंने किसी प्रकार की कानूनी शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ और समझाइश के बाद युवतियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई और जमानत
युवतियों की तरफ से कोई औपचारिक शिकायत न मिलने पर पुलिस ने तीनों युवकों और होटल मैनेजर हर्षवर्धन राजपूत के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं के तहत कार्रवाई की। सभी आरोपियों को तहसीलदार के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।
जांच में यह भी सामने आया कि होटल मैनेजर ने ठहरने वाले मेहमानों से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं लिए थे। पुलिस ने इस गंभीर लापरवाही को भी मामले में शामिल किया है और होटल के सीसीटीवी फुटेज भी जब्त कर लिए हैं।
कांग्रेस ने की कड़ी कार्रवाई, राहुल दांगी ने दी सफाई
इस पूरे घटनाक्रम पर सफाई देते हुए राहुल दांगी ने पुलिस के सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि वे कामखेड़ा के दर्शन कर लौट रहे थे और सिर्फ चाय पीने के लिए होटल पर रुके थे, तभी पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया।
मामला सामने आने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई और भाजपा ने इस पर कड़ा विरोध जताया। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए राहुल दांगी को ब्यावरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाने के साथ ही पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी निष्कासित कर दिया गया है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!