सोशल मीडिया पर दोस्ती और ब्लैकमेलिंग का खेल
गुना के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग को अपने जाल में फंसाकर उसके निजी पलों के वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को राजस्थान से धर दबोचा है।
जून महीने में दर्ज कराई गई थी शिकायत
इस मामले की शुरुआत 29 जून को हुई थी, जब 16 वर्षीय नाबालिग ने गुना कोतवाली थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने पुलिस को बताया था कि लगभग एक महीना पहले इंस्टाग्राम के जरिए एक यूजर से उसकी जान-पहचान हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ था।
पड़ताल के दौरान सामने आया कि आरोपी ने अपनी पहचान कैफ खान, निवासी सीकर (राजस्थान) के रूप में बताई थी। बातचीत बढ़ने पर आरोपी ने वीडियो कॉल का सहारा लिया और बातचीत के दौरान ही नाबालिग के अश्लील फोटो व वीडियो चुपचाप रिकॉर्ड कर लिए। बाद में इन्हीं तस्वीरों को सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया गया।
सीकर से गिरफ्तार हुआ आरोपी मोहम्मद कैफ
नाबालिग की शिकायत मिलते ही कोतवाली पुलिस ने बिना देर किए पॉक्सो एक्ट और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया। थाना प्रभारी टीआई राजकुमार शर्मा और उनकी टीम ने इस मामले में तकनीकी साक्ष्यों को खंगालना शुरू किया।
साइबर सेल और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस ने इंस्टाग्राम आईडी चलाने वाले मुख्य आरोपी की पहचान कर ली। इसके बाद पुलिस दल को राजस्थान रवाना किया गया, जहां से 20 वर्षीय आरोपी मोहम्मद कैफ पुत्र इकबाल मोहम्मद, निवासी लक्ष्मणगढ़ (जिला सीकर, राजस्थान) को गिरफ्तार कर गुना लाया गया और जेल भेज दिया गया।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!