चिरौली गांव में पंचायत सचिव के घर धावा

गुना जिले के फतेहगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चिरौली गांव में रविवार की रात एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। यहां के निवासी और पंचायत सचिव पवन मीना के घर अज्ञात बदमाशों ने धावा बोला और बड़ी मात्रा में कीमती सामान समेट कर ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

बाहर से कुंडी लगाकर परिवार को किया कैद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात के वक्त परिवार के सभी सदस्य अपने कमरों में सो रहे थे। पंचायत सचिव के पिता बाबूलाल मीना ने रात करीब ढाई बजे उठकर देखा था, तब सब कुछ ठीक था और इसके बाद वे दोबारा सो गए। चोरों ने इस बीच रात ढाई बजे से सुबह चार बजे के बीच घर में प्रवेश किया और सभी कमरों की कुंडी बाहर से बंद कर दी, ताकि कोई बाहर न निकल सके। सुबह करीब साढ़े चार बजे जब परिवार की नींद खुली, तो उन्होंने खुद को कमरों में बंद पाया।

किसी तरह कमरों के दरवाजे खुलवाए गए, जिसके बाद घर के भीतर सामान बिखरा हुआ मिला। चोर घर से करीब एक किलो सोना, छह किलो चांदी, दस लाख रुपए नकद और एक मोटरसाइकिल चुरा ले गए। बताया गया है कि घर में रखे कुल ग्यारह लाख रुपयों में से छह लाख रुपए गांव के मंदिर के थे, जिसे ग्रामीणों ने संभाल कर रखने के लिए पंचायत सचिव को सौंपा था।

संपन्न परिवार है पीड़ित पक्ष, पुलिस कर रही तलाश

यह परिवार क्षेत्र के संपन्न परिवारों में गिना जाता है। इनके पास करीब तीन सौ बीघा पुश्तैनी कृषि भूमि है जिस पर खेती की जाती है, और फतेहगढ़ में एक भाई की दुकान भी है। वारदात के समय घर में पंचायत सचिव के पिता और एक भाई मौजूद थे, जबकि अन्य भाई गुना में डॉक्टर और इंदौर में इंजीनियर के तौर पर कार्यरत हैं।

घटना की सूचना मिलने पर एसडीओपी विवेक अष्ठाना सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों की धरपकड़ के लिए विभिन्न टीमों का गठन कर दिया गया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।