गुना के वार्ड 21 के अंतर्गत आने वाले हड्डीमिल-अंबेडकर नगर इलाके में लगातार बढ़ रहे अपराधों, चोरियों और असामाजिक तत्वों की हरकतों से परेशान स्थानीय रहवासी गुरुवार को पुलिस अधीक्षक हितिका वासल से मिलने पहुंचे। स्थानीय कांग्रेस पार्षद रामवीर जाटव के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में क्षेत्र के कुछ लोगों पर गंभीर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप लगाए गए हैं।

अपहरण और मारपीट का लगाया गंभीर आरोप

ज्ञापन के माध्यम से पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी गई कि 21 सितंबर को बलवीर सिंह सहरिया को कथित तौर पर अगवा कर उनके साथ मारपीट की गई। साथ ही उनकी चोटी काटने और उनके प्रति अमानवीय व्यवहार किए जाने की बात भी कही गई है। रहवासियों का आक्रोश इस बात को लेकर भी है कि इस गंभीर घटना के बावजूद अब तक पुलिस में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है, जिस पर तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।

सरकारी क्लीनिक को भी चोरों ने बनाया निशाना

इलाके में कानून-व्यवस्था की बदतर स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चोरों ने मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक को भी नहीं छोड़ा। ज्ञापन में बताया गया कि क्लीनिक के अंदर से एसी, कूलर, पंखा और पानी की टंकी चोरी हो चुकी है। रहवासियों ने इस चोरी के मामले में भी जल्द से जल्द एफआईआर दर्ज कर खुलासे की मांग की है।

फायरिंग और बारात के दौरान विवाद की शिकायत

स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि क्षेत्र में जब भी कोई मांगलिक आयोजन या बारात आती है, तब विवाद और मारपीट की घटनाएं आम हो जाती हैं। इसके अलावा पूर्व में क्षेत्र में फायरिंग किए जाने की बात भी ज्ञापन में दर्ज कराई गई है। लोगों का कहना है कि असामाजिक तत्वों के हौसले इतने बुलंद हैं कि आम नागरिकों का जीना मुहाल हो गया है।

स्थायी पुलिस चौकी की मांग और चेतावनी

इन तमाम समस्याओं से निजात पाने के लिए रहवासियों ने हड्डीमिल क्षेत्र में एक स्थायी पुलिस चौकी स्थापित किए जाने और लंबित मामलों में त्वरित कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र उचित कदम नहीं उठाए गए, तो वे भोपाल जाकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे।