ग्वालियर-चंबल अंचल के खेल जगत में गुना जिले ने एक बार फिर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी खास पहचान बनाई है। बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (BFI) ने गुना के प्रतिभावान और क्वालिफाइड रेफरी शुभम गौड़ को मालदीव में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप के लिए निर्णायक के रूप में चुना है।
मध्यप्रदेश से इकलौते रेफरी के रूप में चयन
इस अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा के लिए पूरे मध्यप्रदेश से केवल शुभम गौड़ का ही चयन किया गया है, जो प्रदेश और जिले के लिए गर्व का विषय है। जिला बास्केटबॉल संघ गुना के सचिव अतुल लुंबा ने जानकारी देते हुए बताया कि BFI के महासचिव कुलविंदर सिंह गिल द्वारा जारी पत्र के अनुसार यह नियुक्ति मालदीव बास्केटबॉल एसोसिएशन की विशेष मांग पर की गई है।
माले में होने वाले मुकाबलों में निभाएंगे जिम्मेदारी
मालदीव की राजधानी माले में 'स्कूल एडिशन ऑफ द मालदीव जूनियर चैंपियनशिप' का आयोजन किया जा रहा है। इस टूर्नामेंट में अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग के बालकों के मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें शुभम गौड़ निष्पक्ष रेफरी के तौर पर अपनी सेवाएं देंगे। यह पूरी प्रतियोगिता आगामी 12 सितंबर तक संचालित होगी।
शुभम गौड़ वर्तमान में जिला बास्केटबॉल संघ गुना से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। उनकी कार्यकुशलता, खेल नियमों की गहरी समझ और पिछले अनुभवों को ध्यान में रखते हुए BFI ने उन्हें इस अहम अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा के लिए प्रतिनियुक्त किया है। इससे पहले भी वे देश भर में आयोजित कई राष्ट्रीय स्तर की बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं में सफलतापूर्व रेफरी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
खेल प्रेमियों और संघ में हर्ष का माहौल
शुभम की इस बड़ी उपलब्धि से गुना जिला बास्केटबॉल संघ में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। संघ के पदाधिकारियों और स्थानीय खिलाड़ियों ने उनके इस चयन पर खुशी जाहिर करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
इस अवसर पर मनोज शर्मा, सचिन सक्सेना, राहुल अग्रवाल, रमन शर्मा, आर्यन शर्मा, गौरव प्रजापति, चंदू केवट और कमल सिंह भदौरिया सहित संघ के तमाम सदस्यों ने कहा कि शुभम की यह सफलता जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों और खेल निर्णायकों को भी वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!