शिवपुरी जिले के इंदार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बिजरौनी गांव में एक हृदय विदारक घटना घटी है। यहां एक आठ साल के मासूम बच्चे को जहरीले सांप ने एक ही रात में दो बार डस लिया, जिससे उसकी जान चली गई।

बिस्तर पर सो रहा था बच्चा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धपोरा गांव के रहने वाले अशोक आदिवासी पिछले करीब तीन वर्षों से अपने परिवार के साथ बिजरौनी गांव में रहकर हलवाई का काम करते हैं। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे उनका आठ वर्षीय बेटा पुरुषोत्तम आदिवासी घर में तखत पर सो रहा था।

सांप बिस्तर में ही छिपा रहा

सोते समय एक जहरीले कोबरा सांप ने बच्चे के हाथ में डस लिया। पहली बार काटने के बाद भी सांप बिस्तर या कंबल में ही छिपा रहा और कुछ ही देर बाद उसने मासूम को दोबारा डस लिया, जिससे उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।

गुना अस्पताल में तोड़ा दम

बच्चे की हालत खराब होते देख घबराए परिजन उसे तुरंत बदरवास स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां से स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे गुना जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

परिजन आनन-फानन में मासूम को लेकर गुना पहुंचे, जहां रात करीब 2 बजे उपचार के दौरान पुरुषोत्तम ने दम तोड़ दिया। इस आकस्मिक और दर्दनाक हादसे से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।

गुरुवार की सुबह जिला अस्पताल में पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम करवाया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद गांव में मातम के बीच अंतिम संस्कार किया गया।