नानाखेड़ी के एक निर्माणाधीन मकान में मिला शव

गुना शहर के नानाखेड़ी क्षेत्र में 26 वर्षीय लक्ष्मी सेन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उसका खून से लथपथ शव एक निर्माणाधीन मकान से बरामद किया गया। पुलिस को इस सनसनीखेज वारदात के पीछे मृतका के पति राकेश सेन पर संदेह है, जो घटना के बाद से ही अपनी स्कूटी छोड़कर मौके से फरार हो गया है।

घटना से एक दिन पहले मां से हुई थी बात

मृतका की मां शशि सेन ने रोते हुए जानकारी दी कि हत्या से एक दिन पहले ही लक्ष्मी का उनके पास फोन आया था। फोन पर उसने रोते हुए कहा था कि उसका पति उसके साथ झगड़ा कर रहा है और वह समझ नहीं पा रही है कि क्या करे। परिवार के अनुसार, शादी के चार साल बीत जाने के बाद भी संतान नहीं होने के कारण आरोपी पति लगातार उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।

क्रूरता की हदें पार: पीठ पर वार के बाद रेता गला

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, हमलावर ने पहले लक्ष्मी की पीठ पर चाकू से वार किया। वार करते समय चाकू मुड़ जाने के बाद उसके गले पर भी किसी धारदार हथियार से हमला किया गया। कमरे की फर्श और दीवारों पर खून के छींटे मिले हैं, तथा घटनास्थल पर संघर्ष के कई निशान भी देखे गए हैं।

सीएसपी ने दी घटना की जानकारी

सीएसपी सैफा हाशमी ने बताया कि पुलिस को बुधवार रात नानाखेड़ी क्षेत्र के एक खाली मकान में महिला का शव होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जब जांच की गई तो कमरे में खून से सने जूतों के निशान और एक मुड़ा हुआ चाकू मिला। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि हत्या से पहले दोनों के बीच तीखी झड़प हुई होगी, क्योंकि मृतका के हाथों पर भी चोट के निशान पाए गए हैं।

2021 में हुई थी राकेश के साथ दूसरी शादी

मृतका के बड़े भाई नीरज सेन ने बताया कि उनका मूल परिवार बीनागंज का रहने वाला है। लक्ष्मी की पहली शादी 2018 में कुंभराज में हुई थी, लेकिन आपसी विवाद और मारपीट के चलते वर्ष 2021 के आरंभ में उसका तलाक करा दिया गया था। इसके बाद अक्टूबर 2021 में उसकी दूसरी शादी गुना के रहने वाले राकेश सेन से कराई गई थी, जो पहले सैलून चलाता था और बाद में मजदूरी करने लगा था।