फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में तख्तियों पर लिखे थे संदेश

गुना शहर के एक निजी विद्यालय में कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में एक छोटी बच्ची स्कूल ड्रेस में पहुंची थी जिसके हाथ और पीठ पर लगे पोस्टरों ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

छात्रा की तख्तियों पर बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, वोट चोरी और पेपर लीक जैसे विषयों का जिक्र करते हुए 'लोकतंत्र अब्सेंट' और 'महंगाई प्रेजेंट' जैसे नारे लिखे हुए थे। इसके अलावा पीठ पर टंगे पोस्टर पर लोकतंत्र और जागरूकता से जुड़े कई गंभीर वैचारिक संदेश लिखे गए थे।

एबीवीपी के बाद सकल हिन्दू समाज ने खोला मोर्चा

यह मामला सामने आने के बाद विभिन्न संगठनों में नाराजगी फैल गई। गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने इस पर कड़ा विरोध जताते हुए स्कूल के प्रिंसिपल को ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले में स्पष्टीकरण देने की मांग की।

विवाद बढ़ने के बाद विद्यालय प्रबंधन ने सफाई देते हुए अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया और कहा कि इन विचारों से स्कूल का कोई लेना-देना नहीं है तथा छात्रा को उसके परिजनों ने ही इस रूप में तैयार करके भेजा था।

विद्यालय के सामने फूंक पुतला, कार्रवाई की चेतावनी

स्कूल के स्पष्टीकरण से असंतुष्ट नजर आए सकल हिन्दू समाज के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को स्कूल के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने विद्यालय का पुतला फूंका और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने विद्यालय प्रबंधन को एक ज्ञापन भी सौंपा है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि इस मामले में लापरवाह शिक्षकों के विरुद्ध उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो राष्ट्रीय बाल आयोग में औपचारिक परिवाद दायर किया जाएगा।