गुना जिले के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पाड़ोन में शासकीय संपत्ति के निजी उपयोग का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ स्थित माध्यमिक विद्यालय कुम्हारी और पंचायत भवन के साझा मैदान को फसल सुखाने के लिए उपयोग किया जा रहा है।

बच्चों की खेल गतिविधियों पर लगा विराम

ग्रामीणों की ओर से इस बात पर कड़ी आपत्ति जताई गई है कि जिस मैदान का उपयोग छात्र-छात्राएं खेलकूद और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए करते थे, वहाँ फसल फैलाए जाने के कारण बच्चों का आना-जाना बाधित हो गया है।

इस पूरे मामले से जुड़ा एक वीडियो भी स्थानीय स्तर पर सामने आया है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि खुले मैदान में भारी मात्रा में मक्का की फसल फैली हुई है। इससे खेलकूद का माहौल पूरी तरह प्रभावित हुआ है।

रतन सिंह और सरपंच पर लगे गंभीर आरोप

स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि रतन सिंह धनु, बाबू अमर सिंह टन्या और पाड़ोन के सरपंच द्वारा मनमाने ढंग से मैदान का इस्तेमाल अपनी निजी फसल सुखाने के लिए किया जा रहा है। उनका कहना है कि इससे मैदान में कचरा और गंदगी भी फैल रही है।

प्रशासन से मैदान को खाली कराने की गुहार

परिसर में इस तरह फसल डाले जाने से नाराज ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से तुरंत दखल देने की मांग की है। उन्होंने मांग की है कि इस मामले की जांच कर मैदान को जल्द से जल्द खाली कराया जाए।

सार्वजनिक उपयोग की जगह पर निजी फसल सुखाने की इस गतिविधि को लेकर जब पंचायत के सरपंच से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।