ग्वालियर-चंबल अंचल के गुना जिले के सिरसी इलाके में शनिवार देर शाम जमीन को लेकर उपजे विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नयागांव और सालौदा गांव के बीच स्थित एक खेत पर काम कर रहे बटाईदार की कुछ लोगों ने लाठियों से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से ग्रामीण इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
मक्का काटते समय हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नयागांव निवासी 40 वर्षीय पिस्सम यादव पुत्र कपूरा यादव, ललित पटेलिया की कृषि भूमि पर बटाईदारी का काम संभालता था। शनिवार की शाम को पिस्सम अपनी पत्नी सुनीता यादव और खेत मालिक की पत्नी जागृति बाई के साथ खेत पर मौजूद था और वहां मक्का की फसल काट रहा था।
बीच-बचाव करना बटाईदार को पड़ा भारी
उसी दौरान सालौदा गांव निवासी गजानंद धाकड़ अपने दो बेटों, भांजे और अन्य साथियों के साथ वहां पहुंच गया। किसी बात को लेकर गजानंद का खेत मालिक की पत्नी जागृति बाई से विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। स्थिति को संभालते हुए जब पिस्सम यादव बीच-बचाव करने आगे आया, तो हमलावरों ने उसे अपना निशाना बना लिया।
आरोपियों ने लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर पिस्सम को गंभीर रूप से घायल कर दिया। सिर पर जोरदार प्रहार होने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बीच-बचाव करने पहुंची पिस्सम की पत्नी सुनीता यादव और जागृति बाई पर भी हमलावरों ने डंडे बरसाए, जिससे दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
चार नामजद सहित अन्य पर मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलने पर सिरसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अरविंद गौर ने बताया कि गजानंद धाकड़, उसके दो बेटों और भांजे सहित चार नामजद तथा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पिस्सम यादव के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के शवगृह भिजवा दिया है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है और अधिकारी पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!