गुना जिले के बजरंगगढ़ इलाके के सिरसी गांव में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। इस घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शनिवार को हनुमान चौराहे पर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया।

शादी के दबाव और प्रताड़ना का आरोप

मृतका की पहचान १९ साल की जानकी बाई पुत्री संतोष धाकड़ के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार की रात परिवार के सदस्य खेत में मक्का की फसल काटने गए थे और घर पर युवती अकेली थी। इसी दौरान उसने यह कदम उठाया।

परिजनों ने आरोप लगाया कि गांव का ही एक युवक जानकी को फोन पर लगातार परेशान करता था। आरोपी उस पर शादी का दबाव बना रहा था, जिससे वह भारी मानसिक तनाव में थी।

हनुमान चौराहे पर किया गया चक्काजाम

युवती की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने शनिवार सुबह हनुमान चौराहे पर पहुंचकर यातायात बाधित कर दिया। वे आरोपी युवक के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

सड़क पर जाम लगने से दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।

पुलिस अधिकारियों की समझाइश से खुला रास्ता

चक्काजाम की सूचना मिलते ही सीएसपी श्वेता हाशमी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे परिजनों को निष्पक्ष जांच कराने और कानून के मुताबिक उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।

पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद परिजनों ने करीब आधे घंटे बाद अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इसके बाद यातायात को सुचारू रूप से बहाल कर दिया गया।