गुना जिले के आरोन ब्लॉक में शिक्षा विभाग के स्टोर रूम से सरकारी पाठ्यपुस्तकों की चोरी का एक मामला सामने आया है। स्थानीय कर्मचारियों की सजगता के कारण एक आरोपी को चोरी की किताबों से भरे कट्टे के साथ पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी भाग निकलने में सफल रहा।

मेडिकल स्टोर संचालक ने दी थी चोरी की सूचना

विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय आरोन में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 अजय शर्मा ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि पुराने अस्पताल परिसर स्थित एक कमरे में मध्य प्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम की कक्षा 9वीं से 12वीं तक की पुस्तकें भंडारित की गई हैं। इस दौरान पास ही स्थित राजीव मेडिकल स्टोर के संचालक ने सूचना दी कि स्टोर रूम के भीतर कोई संदिग्ध व्यक्ति दाखिल हुआ है।

घेराबंदी कर एक आरोपी को दबोचा

सूचना मिलते ही अजय शर्मा और कार्यालय के अन्य कर्मचारी खिलन चिढ़ार व विकास बिजौले तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि दो युवक पीछे के चैनल गेट से सफेद रंग के प्लास्टिक के कट्टे में किताबें भरकर भाग रहे थे। कर्मचारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और उनमें से एक को पकड़ लिया।

पकड़े गए युवक की पहचान रघुनंदन (19 वर्ष) पुत्र रामपाल यादव, निवासी ककरयाई हाल निवासी शिवशक्ति नगर आरोन के रूप में हुई है। उसके कब्जे से बरामद कट्टे की तलाशी लेने पर उसमें कक्षा 10वीं की गणित विषय की सरकारी पाठ्यपुस्तकें पाई गईं।

फरार साथी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपी रघुनंदन ने अपने फरार साथी का नाम संजू श्रीवास्तव, निवासी बरबटपुरा आरोन बताया है। इसके पश्चात शिक्षा कार्यालय के कर्मचारी आरोपी रघुनंदन और बरामद किताबों को लेकर सीधे आरोन थाने पहुंचे।

प्राप्त आवेदन और साक्ष्यों के आधार पर आरोन थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(3) और 305(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फरार चल रहे दूसरे आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।