राष्ट्रीय डाक सप्ताह 2026 के अंतर्गत मंगलवार को गुना डाक संभाग की ओर से एक विशेष पोस्टल बिजनेस मीट का आयोजन किया गया। अधीक्षक डाकघर ओपी चतुर्वेदी की अध्यक्षता में संपन्न हुए इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों और ग्राहकों को डाक विभाग की आधुनिक सेवाओं व जनहितैषी योजनाओं से अवगत कराना था।

मुख्य अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

समारोह में व्यापार एवं उद्योग केंद्र गुना के सहायक निदेशक प्रवीण बेसला ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि व्यापार एवं उद्योग महासंघ गुना के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत गुना के उप संभागीय प्रमुख राहुल जैन के स्वागत भाषण से हुई।

इसके पश्चात शिकायत निरीक्षक प्राची त्रिवेदी ने प्रेजेन्टेशन के माध्यम से डाक विभाग की तमाम योजनाओं और तकनीकी बदलावों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं, एमएसएमई इंदौर के सहायक निदेशक राजकुमार मोहनानी ने केंद्र व राज्य सरकार की उद्यम प्रोत्साहन योजनाओं पर प्रकाश डाला।

डाक निर्यात केंद्र की सेवाओं का लाभ उठाने का आह्वान

कार्यक्रम के दौरान डाक निर्यात केंद्र गुना की ग्राहक पूजा खनूजा ने डाक विभाग की तकनीकी सेवाओं को बेहद उपयोगी बताया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से डाक निर्यात केंद्र की सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया। महासंघ के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने भी नई सुविधाओं के लिए केंद्रीय मंत्री व गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में अधीक्षक डाकघर ओपी चतुर्वेदी ने सभी अतिथियों का आभार जताया और नागरिकों से डाकघर की योजनाओं से जुड़ने की अपील की। इस अवसर पर गुना और अशोकनगर जिलों के व्यापारी, केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी, उद्यमी और बड़ी संख्या में डाककर्मी उपस्थित रहे।