पुलिस लाइन में विजयादशमी का उल्लास
गुना जिले में विजयादशमी का पर्व परंपरागत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसी क्रम में स्थानीय पुलिस लाइन परिसर में विशेष शस्त्र पूजन का आयोजन संपन्न हुआ। असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक इस महापर्व पर पुलिस विभाग की पुरानी परंपरा का निर्वहन किया गया।
कलेक्टर और एसपी ने की पूजा-अर्चना
कार्यक्रम के दौरान जिले के कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल और पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने पूरे विधि-विधान के साथ शस्त्रों की पूजा की। जिले के इतिहास में यह पहला अवसर रहा जब किसी महिला एसपी ने इस पारंपरिक शस्त्र पूजन कार्यक्रम की कमान संभाली। इस दौरान प्रतीक स्वरूप तलवार से तुमड़े की बलि भी दी गई।
धार्मिक अनुष्ठानों के तहत जिले की सुख-समृद्धि और उन्नति की कामना के लिए विशेष हवन का आयोजन किया गया। इसके बाद पुलिस बेड़े में शामिल आधिकारिक वाहनों की भी विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
गणमान्य अधिकारी रहे मौजूद
शस्त्र पूजन और हवन की पूर्णाहुति आरती के साथ हुई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और जिले के समस्त नागरिकों को विजयादशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस पारंपरिक आयोजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन, एसडीएम शिवानी पांडे, डिप्टी कलेक्टर देवांशी शिवहरे, सीएसपी सैफ़ा हाशमी, एसडीओपी विवेक अष्ठाना, हेमंत पांडे और रक्षित निरीक्षक पूजा उपाध्याय सहित विभिन्न थानों के प्रभारी और पुलिस बल के अन्य जवान उपस्थित रहे।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!