चाचौड़ा-बीनागंज के पास हुई घटना
गुना जिले के चाचौड़ा-बीनागंज रेलवे स्टेशन के नजदीक रविवार और सोमवार की दरमियानी रात असामाजिक तत्वों ने चलती ट्रेन को पथराव का शिकार बनाया। भिंड से रतलाम जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन जब इस क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी अचानक किसी ने उस पर भारी-भरकम पत्थर से हमला कर दिया।
फर्स्ट एसी कोच का शीशा टूटा
यह पथराव ट्रेन के एच-1 यानी फर्स्ट एसी कोच पर किया गया। हमले में कोच की खिड़की का कांच चकनाचूर हो गया और वह भारी पत्थर सीधे यात्रियों के बैठने की जगह पर आ गिरा। रात करीब दो से तीन बजे के बीच हुई इस अचानक की गई हरकत से ट्रेन के भीतर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्री सहम गए।
जिस सीट पर पत्थर आकर गिरा, उसके पास यानी सीट नंबर 13 और 14 पर एक बुजुर्ग महिला यात्रा कर रही थीं। गनीमत यह रही कि वह इस अचानक हुए हमले में बाल-बाल बच गईं, अन्यथा कोई गंभीर हादसा हो सकता था।
पुलिस और आरपीएफ की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे स्टाफ और टीटीई ने तुरंत सक्रियता दिखाई और प्रभावित यात्रियों की बर्थ बदलकर उन्हें दूसरी जगह शिफ्ट किया। स्थानीय पुलिस और आरपीएफ ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है तथा ट्रेन पर पत्थर फेंकने वाले अज्ञात आरोपियों की तलाश सरगर्मी से शुरू कर दी गई है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!