निजी गार्डन में हुई जिलास्तरीय बैठक

गुना शहर के एक निजी गार्डन में रविवार को पटवारियों की जिलास्तरीय महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इसमें स्वामित्व रजिस्ट्री निष्पादन एवं पंजीयन-2026 योजना के तहत पटवारियों से निष्पादक के रूप में काम लिए जाने का कड़ा विरोध किया गया। बैठक में जिले भर से बड़ी संख्या में पटवारी शामिल हुए।

हाईकोर्ट से मिली है नई याचिका की अनुमति

इस मामले को लेकर प्रांतीय पटवारी संघ ने पहले भी जबलपुर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। बीते 25 सितंबर को हुई सुनवाई के दौरान याचिका के साथ दो-तिहाई बहुमत का प्रस्ताव संलग्न न होने की बात सामने आई थी। इसके बाद संघ ने याचिका वापस लेकर इसे नए सिरे से प्रस्तुत करने की अनुमति मांगी, जिसे न्यायालय ने स्वीकार कर लिया।

न्यायालय द्वारा दो-तिहाई बहुमत के प्रस्ताव के साथ नई याचिका दायर करने की स्वतंत्रता दिए जाने के बाद, पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर बैठकें बुलाई जा रही हैं। इसी कड़ी में गुना में भी पटवारियों की सहमति जुटाते हुए प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कराए गए हैं।

बढ़ते कामकाज के दबाव का विरोध

पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष महेंद्रसिंह किरार ने स्पष्ट किया है कि जिले का कोई भी पटवारी स्वामित्व रजिस्ट्री योजना के अंतर्गत निष्पादक का कार्य नहीं करेगा। उन्होंने बताया कि दो-तिहाई बहुमत का प्रस्ताव मिलते ही प्रांतीय संघ द्वारा हाईकोर्ट में फिर से याचिका प्रस्तुत की जाएगी।

संघ का कहना है कि पटवारियों के पास पहले से ही राजस्व विभाग के तमाम मैदानी कार्यों का भारी बोझ है। इस नई योजना में निष्पादक की भूमिका मिलने से उनके काम का दबाव और जवाबदेही और अधिक बढ़ जाएगी, जिसके चलते संघ इस पूरी प्रक्रिया का पुरजोर विरोध कर रहा है। बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष ने सभी साथियों से संघर्ष जारी रखने के लिए संघर्ष निधि में सहयोग देने का आह्वान भी किया।