धार्मिक स्थल पर रील बनाने का मामला

गुना शहर के प्रतिष्ठित धार्मिक स्थल हनुमान टेकरी मंदिर परिसर में फिल्मी गानों पर रील तैयार करने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब माफी के साथ शांत होता नजर आ रहा है। इस मामले में संबंधित महिला ने टेकरी सरकार के दरबार में पहुंचकर अपनी भूल के लिए माफी मांग ली है।

गो रक्षा टीम ने की थी पुलिस से शिकायत

घटना के सामने आने के बाद गो रक्षा टीम ने स्थानीय पुलिस प्रशासन को एक औपचारिक आवेदन सौंपा था, जिसमें महिला के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई थी। शिकायत के अनुसार, लक्ष्मी नगर की रहने वाली रजनी ओझा पर आरोप था कि उन्होंने सोमवार की रात करीब 8 बजे टेकरी मंदिर के समीप फिल्मी धुनों पर डांस करते हुए वीडियो शूट किया था।

शिकायत में यह भी कहा गया था कि इस प्रकार की हरकतों से धार्मिक स्थलों की गरिमा और पवित्रता को ठेस पहुंचती है। गो रक्षा टीम ने इस बात का भी उल्लेख किया था कि इस पूरी गतिविधि का वीडियो सबूत के तौर पर उनके पास मौजूद है।

मंदिर ट्रस्ट की पहले से है पाबंदी

गौरतलब है कि हनुमान टेकरी मंदिर ट्रस्ट ने परिसर के भीतर वीडियो और रील बनाने पर पहले ही सख्त प्रतिबंध लगा रखा है। ट्रस्ट की ओर से समय-समय पर श्रद्धालुओं से आग्रह किया जाता रहा है कि वे धार्मिक स्थल की मर्यादा का पूर्ण ध्यान रखें और इस तरह के कृत्यों से दूर रहें।

शिकायत दर्ज होने और तीखी प्रतिक्रिया सामने आने के बाद महिला खुद हनुमान टेकरी मंदिर पहुंची। अपनी गलती का अहसास करते हुए उसने मंदिर मार्ग पर दंडवत करते हुए माफी मांगी और भविष्य में कभी भी इस प्रकार की गतिविधि न दोहराने का संकल्प लिया।