गुना शहर के कैंट थाना इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने एक किसान को निशाना बनाया। पीड़ित युवक अपने दिनभर का काम निपटाकर अपने घर की तरफ लौट रहा था, तभी रास्ते में घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे रोक लिया।
पंचायत भवन के पास हुआ हमला
कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रिछेरा गांव के रहने वाले रवि जाट खेती-किसानी का काम करते हैं। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की रात वह अपना काम खत्म करने के बाद वापस घर जा रहे थे। जैसे ही उनका पहुंचना गांव के पंचायत भवन के पास हुआ, वहां पहले से मौजूद कश्मीरा जाट, छोटू रघुवंशी, एक अन्य रवि और उनके साथ तीन अज्ञात लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने रोकते ही पीड़ित के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर मारपीट पर उतारू हो गए। किसी तरह जान बचाकर जब रवि वहां से भागे, तो बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। दुनाली बंदूक और पिस्टल से चलाए गए फायर में एक गोली रवि के कंधे में जा धंसी, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
परिचित की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना के दौरान वहां से गुजर रहे एक परिचित ने जब रवि को घायल अवस्था में देखा, तो तुरंत उनके परिजनों और पुलिस को इस बात की सूचना दी। खबर मिलते ही कैंट थाना पुलिस का अमला फौरन मौके पर पहुंचा और आनन-फानन में घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है और फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायल रवि के भाई गोलू जाट ने जानकारी दी कि उन्हें गांव के ही एक शख्स का फोन आया था कि उनका भाई पंचायत भवन के सामने घायल पड़ा है। सूचना मिलते ही वे अपने पिता के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, जहां पुलिस पहले से मौजूद थी और उन्होंने भाई को अस्पताल पहुंचाया।
तीन नामजद और तीन अज्ञात पर FIR दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। सीएसपी शैफा हाशमी ने इस बारे में बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को घटना से जुड़ा इवेंट मिला था, जिसके बाद एफआरवी टीम मौके पर रवाना हुई। फरियादी रवि जाट को गोली लगने की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर नामजद आरोपी कश्मीरा जाट, छोटू रघुवंशी, रवि और तीन अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!