ग्वालियर-चंबल अंचल के गुना जिले के म्याना थाना क्षेत्र में जमीन के पुराने विवाद को लेकर खूनी संघर्ष सामने आया है। पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से खफा होकर कुछ लोगों ने किसान के घर पर धावा बोल दिया, जिसमें एक किसान की जान चली गई जबकि उनका बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

पट्टे की 15 बीघा जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

मृतक माखन अहिरवार खेती करके अपने परिवार का गुजारा करते थे। उनके परिवार के पास करीब 15 बीघा पट्टे की जमीन थी, जिस पर गांव के ही कुछ लोग अवैध कब्जा करने की फिराक में थे। इसी जमीन के मालिकाना हक और कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले तीन महीनों से रंजिश चली आ रही थी।

परिजनों ने बताया कि बुधवार को भी इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि पुलिस में रिपोर्ट दर्ज होने से दूसरा पक्ष बुरी तरह भड़क गया और उसने प्रतिशोध लेने की ठान ली।

रात को लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे 10-12 हमलावर

शिकायत के बाद बुधवार की रात करीब आठ बजे 10 से 12 लोग हथियारों और लाठी-डंडों से लैस होकर माखन अहिरवार के घर जा पहुंचे। घर में घुसकर आरोपियों ने परिजनों के साथ मारपीट शुरू कर दी और आतंक का माहौल पैदा कर दिया।

हमले के दौरान आरोपियों ने 50 वर्षीय माखन अहिरवार को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। वहीं उनके 18 वर्षीय बेटे गुलशन के सिर पर लाठी से जोरदार प्रहार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान होकर गिर पड़ा। बीच-बचाव करने आए अन्य पारिवारिक सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई।

अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की डायल-112 वाहन मौके पर पहुंचा और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल के लिए रवाना किया गया। अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ही माखन अहिरवार की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।

वहीं गंभीर रूप से घायल गुलशन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। गुरुवार की सुबह पुलिस ने जिला अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

म्याना थाना पुलिस ने इस मामले में हत्या और मारपीट का गंभीर प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जमीन विवाद के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।