गुना जिले के धरनावदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बेरखेड़ी गांव में हुई सनसनीखेज लूट और गोलीबारी की वारदात में स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस अब तक छह आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

आधी रात को घर में घुसे थे बदमाश

यह घटना मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात की है, जब बेरखेड़ी निवासी वीरेंद्र धाकड़ खाना खाने के बाद अपने परिवार के साथ सो रहे थे। करीब रात के दो बजे अज्ञात बदमाश उनके घर में घुस आए। परिवार की एक महिला की जब नींद खुली, तो उसने तुरंत अन्य सदस्यों को इसकी भनक दी, जिसके बाद घर में जाग हो गई।

घर में दाखिल हुए बदमाशों ने परिवार की एक छोटी बच्ची को दबोच लिया और धमकी दी कि जितना भी पैसा और कीमती सामान है, चुपचाप सौंप दें वरना बच्ची को जान से मार देंगे। इस बीच परिवार ने हिम्मत जुटाकर शोर मचाया और फोन करके आसपास के ग्रामीणों को इकट्ठा कर लिया, जिन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर बदमाशों को घेर लिया।

फायरिंग कर भागे थे बदमाश, ग्रामीणों ने छीनी थीं बंदूकें

खुद को घिरता देख बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिसके छर्रे लगने से परिवार के तीन पुरुष घायल हो गए। हालांकि, जांबाज ग्रामीणों ने भी डटकर मुकाबला किया और बदमाशों से दो बंदूकें छीन लीं। इसके बावजूद बदमाश मौके से फरार होने में कामयाब हो गए और जाते-जाते घर में रखी करीब 45 हजार रुपए की नकदी भी चुरा ले गए।

पीड़ित परिवार के अनुसार, बदमाशों की बोली और लहजे से वे पारदी समुदाय के प्रतीत हो रहे थे। घटना के तुरंत बाद धरनावदा थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पहले ही पांच आरोपियों—गिर्राज पारदी, जोनी पारदी, रामदास पारदी, टीनू बाई और प्रियंका बाई को गिरफ्तार कर लिया था।

महिलाओं ने की थी रेकी, अब तक छह गिरफ्तार

पुलिस जांच में यह बात सामने आई थी कि वारदात को कुल सात लोगों ने अंजाम दिया था और इसमें शामिल दो महिलाओं ने घटना से पहले गांव की रेकी की थी। पुलिस ने पहले की गई कार्रवाई में आरोपियों के पास से एक 12 बोर की बंदूक, एक मोटरसाइकिल, चांदी की पायल, बिछिया और अन्य सामान जब्त किया था।

फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी टावर, निवासी कनेरा को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि शेष बचे अंतिम आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।