गुना जिला चिकित्सालय के भीतर एक विवाद का मामला सामने आया है, जहाँ अस्पताल चौकी में पदस्थ एक हेड कांस्टेबल पर ओपीडी काउंटर के ऑपरेटर के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। पीड़ित ऑपरेटर का कहना है कि पुलिसकर्मी ने उसकी गिरेबान पकड़ी और उसे केबिन से बाहर खींचते हुए चौकी ले गए।

पर्ची बनवाने के दौरान शुरू हुआ विवाद

अस्पताल में पर्ची काउंटर पर काम करने वाले गौरव राठौर ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दिए गए शिकायती आवेदन में पूरी घटना की जानकारी साझा की है। उनके मुताबिक, यह वाकया मंगलवार सुबह करीब 11:40 बजे का है, जब अस्पताल चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल सूर्येन्द्र मिश्रा पर्ची बनवाने के सिलसिले में वहां पहुंचे थे।

गौरव का आरोप है कि जब वह अपने काम में व्यस्त थे, तब हेड कांस्टेबल ने अचानक उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करना शुरू कर दिया। विरोध जताने पर उन्होंने कथित तौर पर कॉलर पकड़कर उन्हें काउंटर से बाहर खींच लिया और चौकी की तरफ ले जाने लगे। इस दौरान आरोपी पुलिसकर्मी द्वारा कोतवाली ले जाकर कार्रवाई करने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है।

मरीजों की कतार के बीच मची अफरातफरी

घटना के वक्त ओपीडी काउंटर पर इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की लंबी कतार लगी हुई थी। इस अचानक हुई खींचतान और हंगामे के कारण अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। काउंटर से ऑपरेटर को जबरन खींचकर ले जाने की यह पूरी हरकत वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई।

एसपी कार्यालय पहुंचकर की गई कार्रवाई की मांग

अस्पताल परिसर में हुए इस वाकया के बाद दोपहर के समय पीड़ित ऑपरेटर गौरव राठौर अपने साथियों के साथ सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आवेदन सौंपकर संबंधित हेड कांस्टेबल सूर्येन्द्र मिश्रा के खिलाफ उचित वैधानिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।