केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने गुना प्रवास के दूसरे दिन शुक्रवार को तात्या टोपे यूनिवर्सिटी पहुंचे। यहां उन्होंने 'युवा संवाद' कार्यक्रम के तहत कॉलेज के विद्यार्थियों से मुलाकात की और उनकी पढ़ाई तथा शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली।
यूनिवर्सिटी में छात्रों के प्रोजेक्ट्स का लिया जायजा
यूनिवर्सिटी पहुंचने पर कुलगुरु और रजिस्ट्रार ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया तथा उन्हें शैक्षणिक पाठ्यक्रमों व नवाचारों से अवगत कराया। सिंधिया ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्ट्स का अवलोकन किया और उनकी मेज पर पहुंचकर वन-टू-वन चर्चा भी की।
जीवन में शिक्षकों की भूमिका को सराहा
विद्यार्थियों के साथ संवाद के दौरान सिंधिया ने जीवन में तीन प्रमुख दाताओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहला जान दाता डॉक्टर होता है, दूसरा अन्नदाता किसान और तीसरा ज्ञानदाता शिक्षक होता है। उन्होंने आगे कहा कि शिक्षक हमेशा यही चाहता है कि उसका छात्र जीवन में उससे भी आगे निकले।
कार्यक्रम के बीच एक हल्का-फुल्का माहौल भी देखने को मिला जब गुना विधायक पन्नालाल शाक्य अपनी जेब से कुछ निकाल रहे थे। इसे देखकर सिंधिया ने तपाक से उनसे पूछ लिया कि वे क्या खा रहे हैं। इस पर विधायक ने स्पष्ट किया कि वे केवल कागजात देख रहे हैं, जिसके बाद वहां मौजूद लोग मुस्कुरा उठे।
चार दिवसीय दौरे पर हैं केंद्रीय मंत्री
मालूम हो कि केंद्रीय मंत्री इन दिनों चार दिन के गुना दौरे पर हैं। शुक्रवार को उन्होंने सर्किट हाउस में लोगों से भेंट करने के अलावा बरखेड़ा गिर्द गांव में जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में शिरकत की और आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद उन्होंने एक लाभार्थी सम्मेलन में भी भाग लिया।
इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, यूनिवर्सिटी के कुलगुरु प्रोफेसर डॉ. किशन यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार, विधायक पन्नालाल शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़ और नगरपालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता सहित तमाम जनप्रतिनिधि व यूनिवर्सिटी स्टाफ उपस्थित रहा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!