सेवा संकल्प यात्रा के दौरान सामने आई अंदरूनी कलह
गुना जिले के बीनागंज में आयोजित सेवा संकल्प यात्रा के दौरान भारतीय जनता पार्टी के भीतर चल रही खींचतान खुलकर सार्वजनिक मंच पर आ गई। सोमवार देर शाम बीनागंज के कबड्डी मैदान में यात्रा के स्वागत का कार्यक्रम रखा गया था। यात्रा के पहुंचने में थोड़ी देर होने के कारण स्थानीय और जिला स्तर के तमाम नेता पहले ही मंच पर आकर बैठ गए थे।
कुर्सी की व्यवस्था को लेकर भड़कीं चांचौड़ा विधायक
कार्यक्रम के दौरान जब चांचौड़ा विधायक प्रियंका पेंची मंच पर पहुंचीं, तो वहां बैठे स्थानीय नेताओं को देखकर वह नाराज हो गईं। उन्होंने मंच से ही सवाल उठाया कि मंडल अध्यक्ष के लिए जगह क्यों नहीं है और वहां कौन-कौन बैठा है। इस बात को लेकर विधायक की भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह के साथ तीखी बहस हो गई। उपाध्यक्ष द्वारा यह कहने पर कि बैठने दीजिए, मना कौन कर रहा है, विधायक का गुस्सा और बढ़ गया।
बड़े पदाधिकारियों के उतरते ही खाली हो गया मंच
मंच पर गर्माता माहौल देख भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार और जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़ ने हस्तक्षेप करने के बजाय मंच से नीचे उतरना उचित समझा। जिला स्तर के बड़े नेताओं के नीचे आते ही बाकी पदाधिकारी और अन्य नेता भी उनके पीछे-पीछे मंच से नीचे आ गए। कुछ ही देर में स्थिति यह हो गई कि मंच पर केवल तीन-चार जनप्रतिनिधि ही बचे, जो बाद में वे भी नीचे आ गए और पूरा मंच खाली हो गया।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद स्थानीय राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस विवाद के पीछे हालिया संगठनात्मक नियुक्तियों और पुराने मतभेद भी जुड़े हो सकते हैं, जो एक बार फिर सबके सामने आ गए।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!