ग्वालियर-चंबल अंचल के गुना शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देती एक गंभीर घटना सामने आई है। यहाँ के कैंट थाना इलाके के सिंगवासा तालाब के पास बीती शुक्रवार रात एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बदमाशों ने धारदार हथियार से उसका गला रेंत दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हमाली का काम करता था मृतक
मृतक की पहचान नवनीत उर्फ नव्बू गोस्वामी (33) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गुना के हनुमंता क्षेत्र का रहने वाला था। वह नानाखेड़ी स्थित वेयरहाउस पर हमाली का काम करता था। परिजनों के अनुसार, नवनीत एक दिन पहले घर से निकला था और वापस नहीं लौटा था। शुक्रवार रात उसका लहूलुहान शव सिंगवासा तालाब के समीप मिला। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मृतक पर पहले से कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
पत्नी के पास आया था धमकी भरा कॉल
इस हत्याकांड में कई चौंकाने वाले पहलू सामने आए हैं। मृतक की पत्नी ने खुलासा किया है कि शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे उनके पास एक अनजान नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने धमकी देते हुए बताया कि उसके पति की हत्या की जा चुकी है।
मृतक की पत्नी ने खेजरा रोड की रहने वाली एक महिला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि नवनीत के उस महिला से संबंध थे और उसी महिला ने फोन करके उसे बुलाया था, जिसके बाद सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया गया। उधर, मृतक के भाई ने भी इस घटना में चार-पांच लोगों के शामिल होने की आशंका जताई है और पुलिस को कुछ संदिग्धों के नाम बताए हैं।
पुलिस ने उत्तर प्रदेश से दबोचे संदिग्ध
घटना की सूचना पाकर कैंट थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया, जहाँ शनिवार को डॉक्टरों के पैनल ने शव का परीक्षण किया।
पुलिस ने परिजनों के बयान और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर अपनी तफ्तीश तेज कर दी है। शुरुआती छानबीन और सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय मृतक के साथ शराब पी रहे दो साथियों को पुलिस ने उत्तर प्रदेश से हिरासत میں ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!