स्कूल जाने से नाराज होकर निकला था बच्चा
शहर के गुलाबगंज कैंट इलाके का रहने वाला 10 साल का एक बालक शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े सात बजे स्कूल जाने की बात कहकर घर से बिना बताए निकल गया था। वह पैदल ही रेलवे स्टेशन तक पहुंच गया था।
ऑटो चालक ने दिया झांसा
रेलवे स्टेशन पर एक अज्ञात ऑटो चालक ने बच्चे को अपनी बातों में उलझा लिया और नानी के घर छोड़ने का लालच दिया। इसके बाद आरोपी ने उसे ऑटो में बैठा लिया और रास्ते में हड्डीमिल इलाके से शराब खरीदी।
आरोपी बच्चे को कब्रिस्तान और दरगाह के पास के जंगलों में ले गया। वहां पहुंचते ही उसने बच्चे का नाम पूछा और नाम मालूम होते ही गालियां देते हुए उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके चेहरे पर चोटें आईं। इसके बाद आरोपी ने उसे रस्सियों से बांध दिया।
रस्सी काटकर बचाई जान
देर रात करीब तीन से चार बजे के बीच जब आरोपी नशे की हालत में गहरी नींद में सो गया, तब बालक ने किसी तरह खुद को छुड़ाने के लिए रस्सी काटी और वहां से भाग निकला।
बच्चा दौड़ते हुए श्रीराम कॉलोनी में अपनी नानी के घर पहुंचा और उन्हें पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।
पुलिस और एसपी कार्यालय में शिकायत
परिजनों ने शनिवार को कैंट थाने और एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। इससे पहले पुलिस ने गुमशुदगी के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया था।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!