रास्ते में शराब पीने से मना करने पर भड़का विवाद

गुना शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के पठार मोहल्ले में बीती रविवार रात को हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए, जब रास्ते में शराब पीने और हंगामा करने को लेकर दो पक्षों के बीच आमने-सामने का टकराव हो गया। एक पक्ष का आरोप है कि उन्हें रास्ते में शराब पीने से रोका गया था, जिसके चलते रंजिश रखते हुए उन पर हमला किया गया।

लाठी-डंडों से हमला और बीच-बचाव

पठार मोहल्ला निवासी राजा कुशवाह ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह रात करीब 11 बजे अपने ममेरे भाई अंकित कुशवाह और मित्र हितेश कुशवाह के साथ चांदशाह बली के पास स्थित चाचा राजू की बाड़ी पर मौजूद था। इसी दौरान देवू चौहान अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा और राजा पर लाठी से हमला कर दिया। हमले में राजा के सिर और माथे पर गंभीर चोटें आईं, जिससे खून बहने लगा।

जब बीच-बचाव करने के लिए अंकित और हितेश आगे आए, तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की जिससे उन्हें भी चोटें आईं। मौके पर मौजूद मुकेश और मोहन ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपी जाते वक्त जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

दूसरे पक्ष का दावा- घर के सामने की गई थी पत्थरबाजी

घटना के दूसरे पक्ष का अपना अलग तर्क है। उनका कहना है कि वे अपने घर के अंदर थे जबकि राजा और उसके साथी सड़क पर बैठकर शराब पी रहे थे और तेज शोर मचा रहे थे। जब उन्हें मोहल्ले में हंगामा करने से रोका गया, तो उन्होंने अन्य युवकों को भी वहां बुला लिया।

दूसरे पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि इसके बाद वे सभी उनके घर के सामने आ गए और बाहर से पथराव शुरू कर दिया तथा परिवार के सदस्यों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। आत्मरक्षा और स्थिति संभालने के लिए उन्हें छत पर जाकर हवाई फायर करना पड़ा, जिसके बाद आरोपी वहां से भागे।

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है और विभिन्न धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।