ग्वालियर-चंबल संभाग के गुना जिले से एक दुखद हादसा सामने आया है, जहां बैंक से पेंशन के पैसे निकालकर घर लौट रही एक वृद्ध महिला की ट्रेन की चपेट में आने से जान चली गई। यह दर्दनाक घटना शुक्रवार शाम को कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुसमोदा नई बस्ती के पास घटी।
पेंशन की राशि निकालने आई थीं ग्रामीण महिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खेजरा की रहने वाली करीब 60 वर्षीय गोगा बाई अहिरवार अपनी पेंशन की राशि निकालने के लिए गुना शहर आई थीं। बैंक का कामकाज पूरा करने के बाद वह कुसमोदा नई बस्ती के नजदीक से गुजर रही थीं और शॉर्टकट के लिए रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं।
इसी दौरान अचानक वहां से एक ट्रेन गुजर रही जिसकी चपेट में गोगा बाई आ गईं। हादसा इतना भयानक था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
अस्पताल में हुई शिनाख्त और हुआ अंतिम संस्कार
हादसे के बाद रेलवे ट्रैक के पास स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। तुरंत घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू की गई।
पुलिस द्वारा दी गई सूचना मिलने पर मृतका के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और शव की शिनाख्त गोगा बाई अहिरवार के रूप में की। शनिवार सुबह अस्पताल में कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमॉर्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस अचानक हुए हादसे के बाद से मृतका के परिवार में गहरा मातम छाया हुआ है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और दुर्घटना के असल कारणों की जांच शुरू कर दी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!