हड्डीमिल जगनपुर चक का मामला

गुना शहर के हड्डीमिल जगनपुर चक की रहने वाली 25 वर्षीय महिला ने अपने पति और एक अन्य महिला के खिलाफ सनसनीखेज शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने साजिश के तहत उसे एक अन्य महिला के साथ मिलकर किसी अन्य व्यक्ति के हाथ बेच दिया था।

एसपी कार्यालय पहुंचकर लगाई गुहार

सोमवार को यह महिला एसपी ऑफिस पहुंची और अपनी आपबीती सुनाते हुए लिखित शिकायत सौंपी। पीड़िता के मुताबिक, वह किसी तरह कैद से भागने में सफल रही और अपनी जान बचाकर पुलिस के पास पहुंची है।

शिकायत में बताया गया कि अनीश शाह ने साल 2018 में उसे बहला-फुसलाकर अपने प्रेम जाल में फंसाया और विवाह किया था। इस दंपती के तीन बच्चे हैं, लेकिन महिला का कहना है कि पति ने उसके दो छोटे बच्चों को अपने पास ही रोक रखा है और उसे मिलने तक नहीं दिया जा रहा है।

आमीन पठान के पास बेचने का आरोप

पीड़िता ने इल्जाम लगाया है कि उसके पति अनीश शाह और जाफरीन बानो ने मिलकर उसे आमीन पठान नामक व्यक्ति के हवाले कर दिया था। इसके बाद उसे एक मकान के अंदर बंद करके रखा गया था, जहां से वह भारी मशक्कत के बाद निकल भागी।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद महिला ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि अनीश शाह और जाफरीन बानो के खिलाफ निष्पक्ष जांच की जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। साथ ही उसने पति के कब्जे में रह रहे अपने दोनों मासूम बच्चों को भी वापस दिलाने की गुहार लगाई है।