गुना के बैंक ग्राहकों के लिए आगामी चार दिन काफी महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। महीने का चौथा शनिवार होने के साथ-साथ बैंक कर्मियों की आगामी हड़ताल के चलते कामकाज की व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा।

हड़ताल और छुट्टियों का पूरा शेड्यूल

प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 सितंबर को चौथा शनिवार है, जिसके चलते बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 28 सितंबर से 30 सितंबर तक बैंक कर्मचारियों की तरफ से तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल बुलाई गई है।

रविवार को खुले रहेंगे बैंक

हड़ताल के बीच राहत की बात यह है कि 27 सितंबर यानी रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक खुले रहेंगे। हालांकि, इस दिन किस-किस तरह के कार्य संपादित किए जाएंगे, इसे लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। बैंक शाखाओं में 28 से 30 सितंबर के बीच कामकाज बाधित होने की पूरी आशंका है।

चूंकि 30 सितंबर को बैंकों का अर्धवार्षिक खाता बंद होने का दिन भी है, इसलिए इस दौरान चेक क्लियरिंग और शाखा आधारित अन्य कार्यों पर असर पड़ सकता है। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने भी अपने ग्राहकों को एसएमएस भेजकर इस हड़ताल के बारे में आगाह कर दिया है।

डिजिटल और ऑनलाइन माध्यम रहेंगे सुचारू

शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने का यह अर्थ बिल्कुल नहीं है कि वित्तीय लेनदेन पूरी तरह थम जाएंगे। ग्राहक यूपीआई (UPI), आईएमपीएस (IMPS), एनईएफटी (NEFT) और आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से आसानी से पैसे ट्रांसफर कर सकेंगे और बिलों का भुगतान भी कर पाएंगे।

यदि किसी को बड़ी रकम ट्रांसफर करनी है, तो लाभार्थी का खाता पहले से ही जोड़कर रखना समझदारी होगी। कई बैंक सुरक्षा कारणों से नया लाभार्थी जुड़ने के बाद फंड ट्रांसफर के लिए कूलिंग पीरियड या समय-सीमा तय करते हैं, इसलिए जरूरी काम एक दिन पहले ही निपटा लें।

नकद निकासी और अन्य जरूरी काम

जिन्हें कैश की आवश्यकता है, वे 27 सितंबर को बैंक शाखाएं खुलने का लाभ उठा सकते हैं। इसके अलावा ग्राहक सेवा केंद्र भी एक विकल्प रहेंगे। हालांकि छुट्टियों के दौर में एटीएम में नकदी समाप्त होने की स्थिति भी बन सकती है।

यदि किसी का चेक जमा करना, डिमांड ड्राफ्ट बनवाना, पासबुक अपडेट कराना, केवाईसी करवाना, खाता बंद करना या अन्य कोई जरूरी दस्तावेज जमा करने जैसा काम 28 से 30 सितंबर के बीच है, तो उसे 27 सितंबर को ही पूरा कर लेना बेहतर रहेगा।