ग्वालियर-चंबल अंचल के गुना जिले के बमोरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां खेत की जुताई कर रहे एक ट्रैक्टर चालक को गोली लगने से हड़कंप मच गया है, और इस मामले में वन विभाग के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगे हैं।

खेत पर जुताई के दौरान हुआ विवाद

घटना के संबंध में सोनखरा गांव निवासी 19 वर्षीय नंदकिशोर पुत्र रघुवीर सिंह शिकारी ने बमोरी थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि शनिवार की रात करीब 9:50 बजे वह किराए का ट्रैक्टर लेकर देवेंद्र शिकारी के खेत पर मक्का का डूड तोड़ने गया था। उसी दौरान वहां वन विभाग की टीम पहुंच गई और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

युवक का आरोप है कि वन विभाग की गाड़ी से उतरे वर्दीधारी व्यक्ति ने हाथ में ली बंदूक से उसपर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। इस गोलीबारी में छर्रे उसकी पीठ और कोहनी में जा लगे। इसके बाद भी जब वह ट्रैक्टर लेकर भागा तो वन विभाग के लोगों ने उसका वाहन से पीछा किया और श्मशान घाट तक गोलियां चलाईं, जिससे ट्रैक्टर के पिछले हिस्से में भी निशान पड़े।

वनपाल पर हत्या के प्रयास का केस

घायल युवक किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद ग्रामीण भी एकत्र हो गए। ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने वनपाल संतोष सोपारा के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।

वन विभाग ने भी दर्ज कराया क्रॉस केस

इस पूरे घटनाक्रम में दूसरा पक्ष यानी वन विभाग भी सामने आया है और उसने भी पुलिस में क्रॉस FIR दर्ज कराई है। फॉरेस्ट गार्ड सरदार सिंह भिलाला ने एसडीओ फॉरेस्ट का पत्र थाने में प्रस्तुत किया, जिसमें बताया गया कि शनिवार रात को वन परिक्षेत्र बमोरी का स्टाफ गश्त पर था।

शिकायत में कहा गया कि बीट माडई मुण्डी के वन कक्ष क्रमांक पीएफ 433 में नंदकिशोर अवैध रूप से वन भूमि की जुताई कर रहा था। जब उसे रोकने का प्रयास किया गया तो उसने न सिर्फ वनकर्मियों को गालियां दीं, बल्कि शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए ट्रैक्टर से कुचलकर मारने की धमकी भी दी और वाहन भगा ले गया। पुलिस ने इस शिकायती पत्र के आधार पर भी ट्रैक्टर चालक नंदकिशोर के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।