गुना शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली नजूल कॉलोनी में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मारपीट और जबरन कब्जे की सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, साथ ही अवैध शराब और एक कार भी जब्त की है।
फार्म हाउस हथियाने के लिए तीन दिन से कर रहे थे टॉर्चर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नजूल कॉलोनी निवासी अनितेश पुत्र भइया लाल राठौर का सोनाली कॉलेज के पास एक फार्म हाउस स्थित है। इस संपत्ति पर कुछ लोगों की बुरी नजर थी। पीड़ित को फार्म हाउस खाली करने और कब्जा सौंपने का दबाव बनाने के लिए पिछले तीन दिनों से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोपी उसे जबरन गाड़ी में डालकर मारपीट कर रहे थे।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छुड़ाया
इस घटना की भनक लगते ही रविवार की रात को सीएसपी शैफा हाशमी के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना पुलिस की एक टीम तुरंत सक्रिय हुई और मौके पर जा पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बदमाशों के चंगुल से अनितेश राठौर को सुरक्षित छुड़ा लिया।
गाड़ी की तलाशी में मिली शराब की पेटियां
मौके पर मौजूद होंडा वेन्यू कार की जब पुलिस ने तलाशी ली, तो अंदर का नजारा देख अधिकारी भी हैरान रह गए। गाड़ी के भीतर से अंग्रेजी शराब की एक पेटी और देसी शराब की सात पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से अवैध शराब और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार को अपने कब्जे में ले लिया है।
पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों की पहचान दिलीप राठौर (निवासी विकास नगर) और शुभम सक्सेना (निवासी सोनी कॉलोनी) के रूप में हुई है। कोतवाली थाने में पीड़ित अनितेश राठौर की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और संपत्ति पर अवैध कब्जा करने का प्रयास करने का मामला दर्ज कर लिया गया है। इसके अलावा आबकारी अधिनियम के तहत अवैध शराब जब्ती का दूसरा प्रकरण भी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!