ग्वालियर-चंबल अंचल के गुना जिले के आरोन कस्बे में टाइल्स और ग्रेनाइट के एक व्यापारी के साथ बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने दुकान से लाखों रुपए का सामान खरीदने के बाद न केवल भुगतान में हेराफेरी की, बल्कि बकाया राशि मांगने पर व्यापारी को जान से मारने की धमकी भी दी।
ढाई लाख से अधिक का खरीदा था सामान
आरोन निवासी सुनील शर्मा पुत्र बाबूलाल शर्मा की लक्ष्मी टॉकीज के सामने अरुण ट्रेडर्स के नाम से टाइल्स और पत्थरों की दुकान है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 11 जुलाई को अशोकनगर जिले के महुआखेड़ा कचनार निवासी रविन्द्र सिंह यादव पुत्र लाखन सिंह यादव उनकी दुकान पर आया था। उसने मकान निर्माण के लिए टाइल्स, ग्रेनाइट और केमिकल खरीदे थे।
शुरुआत में आरोपी ने दो चेक से भुगतान करने की बात कही थी, जिसमें से एक लाख रुपए का चेक 13 जुलाई को क्लियर हो गया था। इसके बाद व्यापारी ने उसे 1,15,592 रुपए का सामान भेज दिया। इस प्रकार आरोपी कुल 2,74,152 रुपए का सामान दुकान से ले गया, लेकिन उसने कुल 1,48,190 रुपए ही चुकाए और 1,25,962 रुपए बाकी छोड़ दिए।
रुपए मांगे तो दी धमकी और खाते पर लगवाया होल्ड
जब व्यापारी ने अपनी बाकी रकम मांगी तो आरोपी ने उसे अपने घर बुलाया। 31 अगस्त को उसने फोन-पे के जरिए 75 हजार रुपए ट्रांसफर किए। इसके बाद जब सुनील शर्मा ने शेष 50,962 रुपए मांगे और अपने चेक वापस मांगे, तो आरोपी आगबबूला हो गया। उसने गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देकर चेक वापस ले लिए।
पीड़ित व्यापारी जब आरोन लौटा और उसने अपने बैंक खाते से पैसे निकालने चाहे, तो उसे पता चला कि आरोपी द्वारा भेजे गए 75 हजार रुपए पर तकनीकी होल्ड लगवा दिया गया है। जब इस बारे में आरोपी से बात की गई, तो उसने दो टूक इनकार कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
परेशान होकर व्यापारी सुनील शर्मा ने आरोन थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी रविन्द्र सिंह यादव के खिलाफ धोखाधड़ी, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी गई है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!