दिनदहाड़े हुई खूनी वारदात

जिले के बमोरी थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले ग्राम रामपुर गणेशपुरा के पास भूरा का चक में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े चाकूबाजी की एक बड़ी घटना को अंजाम दिया। इस अचानक हुए हमले ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग दहशत में हैं।

रास्ते में हुआ था विवाद

बुधवार दोपहर करीब 3 बजे ऑटो चालक गोविंद लोधा (25) अपने साथी रवि लोधा के साथ गणेशपुरा से भूरा का चक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी मुलाकात दो अज्ञात व्यक्तियों से हुई, जिनके साथ किसी बात को लेकर कहासुनी और विवाद हो गया।

बात इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने ताबड़तोड़ चाकू चलाना शुरू कर दिया। इस हमले में गोविंद लोधा और रवि लोधा दोनों बुरी तरह जख्मी होकर जमीन पर गिर पड़े।

अस्पताल में डॉक्टर ने किया मृत घोषित

घटना के बाद दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां परीक्षण के दौरान डॉक्टरों ने गोविंद लोधा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल रवि लोधा का इलाज जिला अस्पताल में ही जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही बमोरी थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके के साथ-साथ जिला अस्पताल पहुंचकर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का बयान

एसडीओपी विवेक अष्ठाना ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि रवि लोधा मोटरसाइकिल से जा रहे थे, जबकि ऑटो चालक गोविंद लोधा ऑटो लेकर निकल रहे थे, तभी यह हमला हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार सहरिया समाज के दो युवकों द्वारा यह हमला किए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश और मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।