गुना शहर में नवरात्रि पर्व के उल्लास के बीच अखिल भारतीय कायस्थ महिला सभा फाउंडेशन (एवीकेएमएस फाउंडेशन) की ओर से एक निजी होटल में विशेष गरबा और डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय महिलाओं ने बढ़-चढ़कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
मां दुर्गा की आराधना से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत रूप से मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष आरती और वंदना के साथ की गई। इसके पश्चात पारंपरिक भजनों की गूंज के बीच महिलाओं ने भक्ति भाव से सराबोर होकर गरबा नृत्य प्रस्तुत किया, जिससे पूरा माहौल धार्मिक रंग में रंग गया।
सांस्कृतिक एकता का दिया संदेश
इस अवसर पर महिला फोरम की राष्ट्रीय महासचिव प्रीति खरे ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में धार्मिक और सांस्कृतिक एकता को मजबूती प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि शक्ति की आराधना के इन दिनों में इस तरह के आयोजनों से आपसी सौहार्द बढ़ता है।
प्रतियोगिताओं में इन्होंने मारी बाजी
उत्सव के दौरान कई तरह की रोचक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया था। शानदार प्रदर्शन के आधार पर मोना श्रीवास्तव को गरबा क्वीन के खिताब से नवाजा गया। इसके अलावा विभिन्न गेम्स प्रतियोगिताओं में चंदा ने प्रथम, नीलम ने द्वितीय और अल्पना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पूरे कार्यक्रम का संचालन रेखा श्रीवास्तव ने बखूबी निभाया। इस दौरान प्रदेश सचिव श्वेता और जिला अध्यक्ष अर्चना श्रीवास्तव की उपस्थिति विशेष रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में अरुणा, ज्योति, प्रियंका, सोनम, नेहा, पिंकी, पूनम, कंचन शीतल, शिवानी, वर्षा, बैजन्ती, दुर्गेश और मीनाक्षी सहित कई अन्य सदस्याओं का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
प्रीतिभोज के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों और अतिथियों के लिए डिनर का आयोजन किया गया। उपस्थित महिलाओं ने इस सफल आयोजन की सराहना करते हुए आने वाले समय में भी ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की इच्छा व्यक्त की।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!