गुना जिले के राघौगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बरखेड़ा डांग गांव में बीते दिनों दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। यहां भील पक्ष के लोगों द्वारा एक बंजारा परिवार पर घर में घुसकर हमला किए जाने की घटना सामने आई थी, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
खाना खाते समय घर में घुसकर बोला था हमला
पीड़ित बंजारा समाज के लोगों के अनुसार यह घटना 21 अक्टूबर की देर शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच हुई थी। जब परिवार के सदस्य अपने घर में बैठकर खाना खा रहे थे, तभी अचानक हमलावर वहां पहुंच गए और मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव के लिए आए तो उन्हें भी नहीं बख्शा गया।
बंजारा पक्ष का आरोप है कि हमलावरों के हाथों में तलवारें भी थीं। इस अचानक हुए जानलेवा हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है।
पुलिस पर लगे मिलीभगत और हल्की धाराएं लगाने के आरोप
घटना के बाद घायल अवस्था में पीड़ित पक्ष न्याय की उम्मीद लेकर सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। इस दौरान कई घायलों के सिर पर पट्टियां बंधी थीं और कुछ लोग प्लास्टर के साथ ही एसपी कार्यालय के गेट के बाहर जमीन पर लेटे नजर आए। घायलों और उनके परिजनों ने स्थानीय थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने मामले में महज हल्की धाराएं जोड़ी हैं।
भंवरलाल और नरेश बंजारा ने आरोप लगाया कि घटना की पूरी जानकारी पुलिस को दी गई थी, इसके बावजूद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास जैसी सख्त धाराएं नहीं लगाई गईं।
खुलेआम घूम रहे हैं आरोपी, मिल रही हैं धमकियां
पीड़ितों का कहना है कि आरोपी पुलिस के साथ कथित मिलीभगत के चलते खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें लगातार धमकियां दे रहे हैं। बंजारा समाज के लोगों ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि इस मामले में तत्काल प्रभाव से गंभीर धाराएं बढ़ाई जाएं और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए ताकि उन्हें न्याय मिल सके।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!