गुना जिले के आरोन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बामूरिया गांव में एक युवक की संदेहास्पद मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को मृतक अंशुल अहिरवार के परिजनों और स्थानीय लोगों ने थाने के सामने शव रखकर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।

भुट्टा तोड़ने गए खेत से हुआ था लापता

मिली जानकारी के अनुसार, बामूरिया गांव का रहने वाला अंशुल गुरुवार को अपने छह दोस्तों के साथ गांव के पास ही स्थित एक मक्का के खेत में भुट्टा तोड़ने गया था। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चला और वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया।

परिजनों की तलाश के दौरान देर रात अंशुल का शव एक कुएं से बरामद किया गया। खास बात यह है कि घटना के बाद से अंशुल के साथ गए सभी छह दोस्त भी गायब बताए जा रहे हैं।

दोस्तों की गुमशुदगी से गहराया हत्या का शक

अंशुल के परिजनों का आरोप है कि यह महज कोई हादसा नहीं है, बल्कि उसके दोस्तों ने ही उसकी हत्या की है। साथ गए सभी दोस्तों का अचानक फरार हो जाना इस संदेह को और अधिक पुख्ता कर रहा है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

थाने के सामने चक्काजाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने परिजनों को समझाइश देकर जाम खुलवाया और मामले की गहनता से तफ्तीश शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तथा फरार चल रहे सभी छह दोस्तों के पकड़े जाने के बाद ही मौत के असली कारणों से पर्दा उठ सकेगा। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।