गुना जिले के राघौगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। नारायणपुरा शक्कर कारखाने के नजदीक पुलिस ने घेराबंदी कर एक व्यक्ति को बोलेरो वाहन के साथ दबोच लिया, जिसके पास भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जंजाली चौकी को गुप्त सूचना मिली थी कि नारायणपुरा शक्कर कारखाने के पास एक बोलेरो वाहन में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री के लिए ले जाई जा रही है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन समेत वाहन चालक को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान गाड़ी (क्रमांक MP07 CD 7145) से पुलिस ने शराब की 10 पेटियां जब्त कीं।
लाखों का माल और आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
जब्त की गई शराब में 2 पेटी देशी प्लेन मदिरा, 7 पेटी देशी मसाला मदिरा और 1 पेटी 8PM अंग्रेजी शराब शामिल है, जिनमें कुल 480 क्वार्टर थे। बरामद शराब की कीमत करीब 52 हजार रुपए आंकी गई है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो की कीमत लगभग 11 लाख रुपए है। पुलिस ने कुल 11 लाख 52 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान दिगप्रताप सिंह उर्फ अस्सू (42 वर्ष) निवासी गायत्री कॉलोनी, कुंभराज के रूप में हुई है। राघौगढ़ थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 263/26 और आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई गई थी और इस अवैध नेटवर्क से अन्य कौन लोग जुड़े हैं।
राजनीतिक पृष्ठभूमि और पुलिस टीम
पकड़ा गया आरोपी दिगप्रताप सिंह पूर्व भाजपा विधायक रामबहादुर सिंह परिहार का पुत्र बताया गया है। उनके पिता रामबहादुर सिंह वर्ष 1990 से 1993 तक चांचौड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। इस पूरी कार्रवाई को राघौगढ़ थाना प्रभारी टीआई अजय सिंह जाट के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया, जिसमें जंजाली चौकी प्रभारी एसआई रसना राजावत और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!