गुना जिले में इन दिनों नवरात्रि महोत्सव के तहत विभिन्न स्थानों पर गरबा कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस लाइन परिसर में एक भव्य और रंगारंग गरबा महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस परिवार के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

पुलिस लाइन में सजा गरबा का दरबार

पुलिस अधीक्षक (SP) हितिका वासल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों के मानसिक तनाव को कम करना और उनके परिवारों के बीच आपसी सौहार्द तथा सकारात्मक माहौल को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम की शुरुआत SP हितिका वासल ने मां दुर्गा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की।

पारंपरिक परिधानों में सजी महिला पुलिसकर्मियों, अधिकारियों और उनके परिवारों की महिलाओं व बच्चियों ने भजनों की धुनों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान पूरा पुलिस लाइन परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया और यहां अभूतपूर्व उत्साह का माहौल बना रहा।

न्याय और प्रशासन की महिला अधिकारी रहीं मौजूद

इस विशेष आयोजन में जिले की कई प्रमुख महिला अधिकारी और प्रशासनिक अमले की महिलाएं भी शामिल हुईं। इनमें एडीजे (पॉक्सो) सोनाली शर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट वंदना त्रिपाठी व ऋतुश्री गुप्ता, कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की पत्नी मधु कन्याल और एसडीएम शिवानी पाण्डे उपस्थित थीं।

इसके अलावा एसडीएम आरोन मंजुषा खत्री, सीएसपी सैफा हाशमी, एसडीओपी राघौगढ़ दीपा डोडवे और रक्षित निरीक्षक पूजा उपाध्याय ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और गरबा का आनंद लिया।

बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागी हुईं सम्मानित

गरबा और पारंपरिक वेशभूषा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को समापन समारोह में पुरस्कृत किया गया। रक्षित निरीक्षक पूजा उपाध्याय ने प्रथम, महिला आरक्षक सरिता सिंह ने द्वितीय और महिला आरक्षक निशा अहिरवार ने तृतीय स्थान हासिल किया।

उत्कृष्ट वेशभूषा के लिए उपनिरीक्षक चंचल तिवारी और पुलिस परिवार से हेमा धाकड़ को सम्मानित किया गया। वहीं बालिकाओं की श्रेणी में बंशिका रावत को उनकी बेहतरीन प्रस्तुति के लिए पुरस्कार प्रदान किया गया।

कुंभराज में विधायक प्रियंका पेंची ने की शिरकत

दूसरी ओर, चांचौड़ा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुंभराज में भी गरबा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं स्थानीय विधायक प्रियंका पेंची ने मां दुर्गा की आरती उतारी और पंडाल में मौजूद महिलाओं के साथ गरबा नृत्य भी किया।

इस दौरान विधायक प्रियंका पेंची ने कहा कि गरबा आयोजन हमारी प्राचीन सनातन संस्कृति का जीवंत प्रतीक हैं। नवरात्रि के इन पवित्र दिनों में जिले भर के विभिन्न आयोजनों में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि लोग अपनी संस्कृति से गहराई से जुड़े हुए हैं।