गुना में पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक परिसर में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन गरिमापूर्ण तरीके से किया गया। इस विशेष अवसर पर देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें जिलेभर के तमाम अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
क्यों मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस
इतिहास के पन्नों को देखें तो 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख की दुर्गम पहाड़ियों पर चीनी सैनिकों के अचानक हुए हमले का मुकाबला करते हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 10 जांबाज जवान शहीद हो गए थे। उन्हीं वीर सपूतों की शहादत की याद में हर साल 21 अक्टूबर को यह दिवस मनाया जाता है। यह दिन पुलिस बल के सदस्यों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण की याद दिलाता है।
मध्य प्रदेश पुलिस के इन 9 जवानों के पढ़े गए नाम
समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने उन सभी पुलिसकर्मियों के नाम पढ़े जिन्होंने अपनी ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया। इनमें निरीक्षक आशीष शर्मा, एसआई अशोक शर्मा, एएसआई मदनलाल निनामा, प्रधान आरक्षक सर्जन सिंह भील, प्रधान आरक्षक परिमल सिंह तोमर, प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश भवेदी, आरक्षक विकाश चतुर्वेदी, आरक्षक महेश प्रसाद पाठक और महिला आरक्षक आरती पाल के नाम शामिल रहे।
नामों के आधिकारिक वाचन के पश्चात शहीदों की सूची को स्मारक पर आदरपूर्वक रखा गया। इसके बाद शोक परेड का आयोजन किया गया और जवानों ने शस्त्र झुकाकर शहीदों को अंतिम सलामी दी। उपस्थित सभी अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
न्यायिक, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
इस श्रद्धांजलि सभा में विशेष न्यायाधीश आरके जैन, अपर सत्र न्यायाधीश सोनाली शर्मा व शैलजा गुप्ता, विधायक पन्नालाल शाक्य, कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, एसएएफ के उपमहानिरीक्षक एवं सेनानी विकास पाठक, जेल अधीक्षक अतुल सिन्हा, उप सेनानी प्रवीण सिंह परिहार, एसडीएम शिवानी पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर संजीव खेमरिया, डीएसपी यातायात मुकेश कुमार दीक्षित, डीएसपी मुख्यालय जमीलउद्दीन सिद्दकी, सीएसपी सैफा हासमी, एसडीओपी हेमंत पाण्डेय, होमगार्ड कमांडेंट आरके पथरौल, रक्षित निरीक्षक पूजा उपाध्याय और एडीपीओ केजी राठौर ने शिरकत की।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारियों के साथ-साथ जिला भाजपा अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार और नगर पालिका उपाध्यक्ष धर्म सोनी ने भी शहीद स्मारक पर पहुंचकर पुष्प चक्र अर्पित किए और वीर जवानों को अपनी श्रद्धांजलि दी।
शहीदों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है विभाग: एसपी
शहीद पुलिसकर्मियों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। उनका साहस, निष्ठा और राष्ट्र के प्रति प्रेम हम सभी के लिए प्रेरणा है। पुलिस विभाग हर परिस्थिति में शहीद जवानों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!