गुना शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली त्रिमूर्ति कॉलोनी में ऑनलाइन ठगी का एक नया मामला सामने आया है। यहां रहने वाली एक युवती को घर बैठे नौकरी का झांसा देकर शातिर साइबर ठगों ने 80 हजार रुपए की चपत लगा दी है। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
अज्ञात नंबर से आया था कॉल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, त्रिमूर्ति कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय उर्वशी सूर्यवंशी पुत्री मुकेश कुमार सूर्यवंशी के पास कुछ दिन पहले एक अनजान नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले व्यक्ति ने उन्हें घर बैठे ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब का प्रलोभन दिया और उनसे जुड़ी निजी जानकारियां हासिल कर लीं।
भरोसा जीतने के लिए खाते में डाले थे 3,690 रुपए
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 28 सितंबर को दिए गए टास्क को पूरा करने के बाद आरोपी ने उनकी यूपीआई आईडी पर अलग-अलग बार में 1,040 रुपए, 1,300 रुपए और 1,350 रुपए ट्रांसफर किए। कुल 3,690 रुपए मिलने की वजह से युवती का विश्वास आरोपियों पर बैठ गया।
भरोसा जीतने के बाद ठग ने टेलीग्राम के माध्यम से एक लिंक भेजा। जैसे ही युवती ने उस संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया, उनके बैंक खाते से दो अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए बड़ी रकम कट गई।
दो अलग खातों में ट्रांसफर हुई रकम
शिकायत में बताया गया है कि खाते से कटे 80 हजार रुपए में से 30 हजार रुपए शाहिल अली के खाते में और 50 हजार रुपए विशाल गनपत माली के खाते में ट्रांसफर किए गए। इसके बाद 30 सितंबर को आरोपियों ने फिर से मैसेज कर एक लाख रुपए और जमा कराने की बात कही, तब जाकर युवती को पूरी तरह समझ आया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुकी है।
घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। साइबर सेल से मिली रिपोर्ट और पीड़िता के आवेदन पर कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 319(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उन बैंक खातों की डिटेल खंगाल रही है जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर हुई थी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!