गुना संसदीय क्षेत्र में विकास कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर कई सौगातें दीं। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों में क्षेत्रवासियों को लगभग 50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लाभ मिला, जिससे शहर और ग्रामीण इलाकों की आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी।

30 करोड़ से अधिक की लागत से चमकेगा गुना शहर

इस अवसर पर गुना शहर के चिंताहरण मंदिर से लेकर अंबेडकर चौक और नानाखेड़ी तक लगभग 30.47 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले थीम रोड निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का भूमिपूजन संपन्न हुआ। यह महत्वकांक्षी परियोजना शहर के मुख्य मार्गों की सूरत बदलने का काम करेगी, जिसके लिए गेल और एचएफसीएल जैसी कंपनियों द्वारा सीएसआर फंड के माध्यम से राशि उपलब्ध कराई जा रही है।

लगभग 7 किलोमीटर लंबा होगा नया थीम रोड

प्रस्तावित योजना के अनुसार यह नया थीम रोड करीब 7 किलोमीटर लंबा होगा, जो चिंताहरण मंदिर से शुरू होकर हनुमान चौराहा होते हुए अंबेडकर चौक तक जाएगा। इस पूरे मार्ग पर नागरिकों की सुविधा के लिए फुटपाथ, आधुनिक लाइटिंग, सेंट्रल डिवाइडर पर हरियाली, बैठने के लिए बेंच और साइनेज जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

परियोजना के तहत चिंताहरण मंदिर के समीप एक भव्य और कलात्मक नक्काशीयुक्त प्रवेश द्वार का निर्माण होगा, जिस पर रात्रि के समय आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही नानाखेड़ी क्षेत्र में भी 'टेकरी द्वार' बनाए जाने की घोषणा की गई है, जो शहर में आने वाले पर्यटकों और राहगीरों को आकर्षित करेगा।

चौराहों का होगा कायाकल्प और लगेगी प्रतिमा

शहर के मुख्य चौराहों को भी इस सौंदर्यीकरण योजना में शामिल किया गया है। जय स्तंभ चौक पर 11 मीटर व्यास वाले एक सुसज्जित रोटरी का निर्माण किया जाएगा। वहीं अंबेडकर चौक पर एक सुंदर आर्च बनाया जाएगा जिसके ऊपर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकास भी, विरासत भी' के मंत्र पर चलते हुए गुना में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इन विकास परियोजनाओं से शहर की धार्मिक व सांस्कृतिक पहचान को और अधिक प्रखर रूप मिलेगा। - ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री एवं सांसद

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने बमोरी क्षेत्र में नए डिग्री कॉलेज समेत कई अन्य विकास कार्यों की भी शुरुआत की। उन्होंने कहा कि इन सभी प्रोजेक्ट्स के पूरा होने से गुना में शिक्षा, यातायात, बिजली और शहरी सौन्दर्य से जुड़े आयामों में अभूतपूर्व सुधार देखने को मिलेगा।