गुना के रास्ते से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-46 पर वाहन चालकों की नींद उड़ाने वाली वारदात सामने आई है। यहां रात के सन्नाटे में ट्रकों और कमर्शियल गाड़ियों के टैंक से ईंधन साफ करने वाला सिंडिकेट दोबारा से सक्रिय हो गया है।

ढाबे के बाहर खड़े वाहनों को बनाया निशाना

यह ताजा घटनाक्रम दुनाई गांव के समीप स्थित एक ढाबे का है। सोमवार की सुबह करीब 3:45 बजे शातिर चोरों ने हाईवे किनारे खड़े तीन अलग-अलग कंटेनरों को अपने निशाने पर लिया और उनके ताले तोड़ डाले।

घटना की जानकारी मिलते ही ढाबा संचालक ने तुरंत डायल 112 पर फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ड्राइवरों से पूछताछ की।

सफर के दौरान विश्राम कर रहे थे चालक

पीड़ित वाहन चालकों ने पुलिस को बताया कि वे पटना से सूरत तथा मुजफ्फरपुर से इंदौर की तरफ माल परिवहन कर रहे थे। लंबा सफर तय करने की वजह से उन्होंने रात के वक्त दुनाई स्थित इस ढाबे पर अपने वाहन रोके थे और आराम कर रहे थे।

जब ड्राइवर गहरी नींद में थे, तभी एक चार पहिया वाहन से पहुंचे अज्ञात बदमाशों ने इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया। टैंकों के ताला टूटने की भनक सुबह तब लगी जब ढाबे के मालिक की नजर उन वाहनों पर पड़ी।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

इलाके में हाईवे किनारे खड़े वाहनों से डीजल चुराने का यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि यह गिरोह पहले भी कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। लग्जरी गाड़ियों में घूमने वाले ये बदमाश अमूमन आराम कर रहे चालकों को ही अपना निशाना बनाते हैं।

फिलहाल, पुलिस ने चालकों की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। हाईवे पर लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है ताकि इस गिरोह के सदस्यों की शिनाख्त कर उन्हें पकड़ा जा सके।