ग्वालियर-चंबल अंचल के गुना जिले में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नेशनल हाईवे क्रमांक 46 पर गादेर घाटी के समीप चलते हुए एक हार्वेस्टर में अचानक आग लग गई, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

चलते वाहन में उठीं लपटें

मिली जानकारी के अनुसार यह हार्वेस्टर राघौगढ़ की ओर से गुना की तरफ आ रहा था। शाम करीब 4:50 बजे जैसे ही यह वाहन गादेर घाटी के पास पहुंचा, अचानक उसमें से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।

चालक ने जब वाहन में आग सुलगती देखी, तो उसने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत हार्वेस्टर को सड़क के किनारे रोक लिया। इसके बाद ड्राइवर और क्लीनर ने बिना देर किए वाहन से छलांग लगा दी, जिससे दोनों की जान सुरक्षित बच गई।

साथ बंधी बाइक भी उतारी

आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में उसने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, खतरे को भांपते हुए चालक और क्लीनर ने हार्वेस्टर के आगे बंधी हुई मोटरसाइकिल को तुरंत नीचे उतार लिया था, जिससे वह जलने से बच गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर रवाना हुई। फायर फाइटर्स ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, लेकिन तब तक हार्वेस्टर पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुका था।

इस अचानक हुई दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है।