ग्वालियर-चंबल संभाग के गुना जिले में स्थानीय पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए कई गंभीर मामलों में संलिप्त मुख्य आरोपी कश्मीरा जाट को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

घर में घुसकर की थी मारपीट और अवैध वसूली

यह पूरी कार्रवाई ग्राम सिंगवास निवासी अर्जुन प्रजापति की शिकायत पर की गई है। फरियादी ने कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कश्मीरा जाट अपने दो-तीन साथियों के साथ उसके घर में जबरन घुस आया था। आरोपियों ने वहां अवैध रूप से रुपयों की मांग की और इनकार करने पर गालियां देते हुए मारपीट की।

शिकायत में बताया गया कि जब परिवार की महिलाओं ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। जाते वक्त आरोपी प्रार्थी को जान से मारने की धमकी भी दे कर गए थे, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास तेज किए थे।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा

घटना की गंभीरता को भांपते हुए कैंट थाना पुलिस ने दबिश दी। पुलिस को मुखबिर के जरिए मुख्य आरोपी की मौजूदगी की सटीक सूचना मिली थी। इसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कश्मीर सिंह उर्फ कश्मीरा (पुत्र लाला रामचंद्र जाट, निवासी ग्राम रिछैरा, थाना कैंट, गुना) को गिरफ्तार कर लिया।

विभिन्न थानों में दर्ज हैं 37 आपराधिक मामले

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कश्मीरा जाट बेहद शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ गुना जिले के कैंट, म्याना, फतेहगढ़, धरनावदा और महिला थाना क्षेत्र में कुल 37 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, बलात्कार, लूट, डकैती की तैयारी, बलवा, आर्म्स एक्ट और जिला बदर के आदेश का उल्लंघन जैसे संगीन जुर्म शामिल हैं। इसके अलावा उस पर 9 प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी हैं।

इस पूरी गिरफ्तारी और आगे की तस्दीक में थाना प्रभारी टीआई अनूप कुमार भार्गव, एसआई अजयप्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक शिवदयाल वर्मा, नवनीत श्रीवास्तव तथा आरक्षक नीलेश रघुवंशी, राजीव रघुवंशी, संजय जाट, रामनिवास शर्मा और महेंद्र वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।