मकसूदनगढ़ वन परिक्षेत्र में बड़ी कार्रवाई

जिले में सरकारी और वन भूमि को अवैध कब्जों से बचाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। वन परिक्षेत्र मकसूदनगढ़ के अंतर्गत आने वाली बीट बंजला के कक्ष क्रमांक 757 में लगभग 360 बीघा वन भूमि को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों के नेतृत्व में उतरी संयुक्त टीम

यह पूरी कार्रवाई जिला कलेक्टर किशोर कन्याल के निर्देशन और राघौगढ़ एसडीएम अमित सोनी के नेतृत्व में संपन्न हुई। मौके पर राजस्व, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ डटी रहीं। सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 100 वनकर्मी, 35 पुलिसकर्मी और 15 प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी तैनात किए गए थे।

अवैध कब्जों को नेस्तनाबूद करने के लिए प्रशासन ने भारी भरकम संसाधनों का इस्तेमाल किया। मौके पर 18 जेसीबी और 2 पॉकलेन मशीनों को लगाकर बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण और फसलों को हटाया गया। इस दौरान उपवन मंडल अधिकारी इंदर सिंह धाकड़, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट कमल सिंह कोली, रेंजर धर्मेन्द्र शर्मा और रेंजर सौरभ द्विवेदी समेत कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।

विरोध का प्रयास हुआ विफल

कार कार्रवाई के दौरान कुछ दबंग अतिक्रमणकारियों ने गोफन, लाठी और डंडों के बल पर प्रशासनिक टीम को रोकने का असफल प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल और पुख्ता सुरक्षा प्रबंधों के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। विरोध करने वाले लोग आखिरकार मौके से भाग निकले।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे ताकि पर्यावरण संरक्षण और वन क्षेत्र का संवर्द्धन किया जा सके। खाली कराई गई इस भूमि पर अब वृक्षारोपण और पुनः वन स्थापना का कार्य किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 14 जुलाई को भी ग्राम सुंदरपुरा, बीट खेरखेड़ा, मधुसूदनगढ़ में 120 बीघा वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया था।