कस्बा मढ़ी पंचायत में चंदन सिंह अहिरवार बने सरपंच
गुना जिले के आरोन जनपद के अंतर्गत आने वाली कस्बा मढ़ी ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए हुए उपचुनाव के परिणाम सामने आ गए हैं। इस चुनावी मुकाबले में चंदन सिंह अहिरवार ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर सरपंच पद पर कब्जा जमाया है।
कुल 732 वोट हासिल कर निकटतम प्रत्याशी को हराया
मतगणना के दौरान चंदन सिंह अहिरवार को कुल 732 मत प्राप्त हुए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 192 मतों के अंतर से शिकस्त दी। जीत की घोषणा के बाद निर्वाचन अधिकारियों ने उन्हें आधिकारिक तौर पर विजय प्रमाण पत्र सौंपा।
पहली बार ईवीएम के जरिए डाले गए थे वोट
इस पंचायत चुनाव की खास बात यह रही कि क्षेत्र में पहली बार ईवीएम यानी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के जरिए मतदान कराया गया था। सरपंच पद के लिए 29 सितंबर को वोट डाले गए थे, जिसके लिए पंचायत क्षेत्र में कुल तीन मतदान केंद्र बनाए गए थे।
इन तीनों मतदान केंद्रों पर कुल 71.17 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जिसमें कुल 1385 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इस मैदान में कुल छह उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे थे।
शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई मतगणना
शनिवार सुबह से ही प्रशासनिक देखरेख में वोटों की गिनती का काम शुरू हुआ। आरोन की एसडीएम मंजूषा खत्री के मार्गदर्शन में त्रिस्तरीय पंचायत उपनिर्वाचन की यह मतगणना प्रक्रिया पूरी की गई।
रिटर्निंग अधिकारी धीरेंद्र गुप्ता ने विजयी उम्मीदवार चंदन सिंह अहिरवार को प्रमाण पत्र वितरित किया। इस दौरान सहायक रिटर्निंग अधिकारी कृष्णकांत चौबे, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट अमित जैन और जनपद सीईओ गौरव यादव समेत मतगणना दल के सदस्य और पुलिस बल मौजूद रहा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!