ग्वालियर-चंबल अंचल के गुना जिले में साइबर ठगों के हौسले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला शहर के महावीरपुरा इलाके का है, जहां एक साधारण टैक्सी चालक को शातिर ठगों ने अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों में उलझा लिया। आरोपी ने चालक को उसकी पत्नी के भीषण सड़क हादसे का शिकार होने की झूठी सूचना दी और इलाज के नाम पर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवा लिए।
अस्पताल ले जाने का झांसा देकर बनाया शिकार
पीड़ित टैक्सी चालक नीरज जाटव पुत्र प्रेमनारायण जाटव रैपिडो पर गाड़ी चलाने का काम करते हैं। घटना बीते 4 अक्टूबर की सुबह करीब 7:14 बजे की है, जब वह आशीर्वाद हॉस्पिटल से पुलिस लाइन कैंट के लिए एक ऑनलाइन बुकिंग पर सवारी छोड़ने जा रहे थे। इसी बीच उनके मोबाइल पर किसी अनजान नंबर से एक कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को पुलिस विभाग से जुड़ा होना बताया और दावा किया कि नीरज की पत्नी का एक्सीडेंट हो गया है और उसे गंभीर हालत में आशीर्वाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर छह किस्तों में हड़पे रुपए
कॉलर ने पीड़ित को पुलिस लाइन कैंट पहुंचने का निर्देश दिया और बार-बार फोन कर पत्नी के अस्पताल पहुंचने का झांसा देता रहा। इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर बैंक खाते में तुरंत रकम जमा कराने की बात कही। ठग ने बच्ची की तबीयत खराब होने का बहाना भी बनाया और विश्वास दिलाया कि जैसे ही उसकी पत्नी होश में आएगी, वह बताए गए कोड के जरिए सारे पैसे वापस लौटा देगी। इस तरह धोखे में आकर नीरज ने आरोपी के बताए खातों में 1,000, 2,000, 2,000, 1,000, 5,000 और 5,000 रुपए की छह अलग-अलग किस्तों में कुल 16 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए।
साइबर सेल में लगाई न्याय की गुहार
जब पीड़ित को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ, तो उसने सबसे पहले राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर साइबर सेल में लिखित आवेदन दिया। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उसकी मेहनत की ठगी गई पूरी रकम वापस दिलाई जाए।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!