गुना जिले की धरनावदा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब तीन साल से फरार चल रहे एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की पकड़ में आया आरोपी राहुल पारदी (35) लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बचता फिर रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस की ओर से 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। इस अपराधी पर हत्या, डकैती और चोरी जैसे गंभीर अपराधों के कई मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं।

खेत पर सो रहे किसान पर की थी फायरिंग

यह पूरा मामला 5 मार्च 2023 का है, जब धरनावदा थाना क्षेत्र के खेजरा चक निवासी कृपाल पारदी (48) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। किसान ने बताया था कि वह 4 और 5 मार्च की दरमियानी रात अपने खेत पर मौजूद था। उसी दौरान मोरधन पारदी, राहुल पारदी, खेरू पारदी और नामे पारदी वहां पहुंचे। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उसे नुकसान पहुंचाने की नीयत से वहां हंगामा किया।

शिकायत में बताया गया कि मोरधन पारदी ने कृपाल को जान से मारने के इरादे से अपनी बंदूक से गोली चला दी। गोली के छर्रे सीधे किसान के दोनों पैरों की पिंडली और जांघ में जा लगे। कृपाल के चिल्लाने और शोर मचाने पर चारों आरोपी मौके से अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। इस घटना के बाद पुलिस ने तत्काल हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

अन्य आरोपी पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल

इस जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही तीन आरोपियों—मोरधन पारदी, खेरू पारदी और नामे पारदी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया था। हालांकि, घटना के बाद से ही चौथा आरोपी राहुल पारदी फरार चल रहा था। उसकी तलाश में जुटी पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए पहले 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 15 हजार रुपए कर दिया गया था।

धरनावदा पुलिस लगातार उसकी टोह ले रही थी। इसी बीच, पुलिस को मुखबिर के जरिए सटीक सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर खेजरा चक निवासी राहुल पुत्र नाथूड़ा पारदी को धर दबोचा।

कई थानों में दर्ज हैं संगीन आपराधिक मामले

पुलिस पूछताछ और रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राहुल पारदी का लंबा चौड़ा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ प्रदेश के पांच अलग-अलग थानों में हत्या, डकैती, हत्या के प्रयास और चोरी के मामले दर्ज हैं। गुना के अलावा राजगढ़ जिले में भी उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किए गए थे।

इसके अलावा, वह रतलाम जिले के जावरा थाना क्षेत्र में हुई डकैती की वारदात में भी वांछित चल रहा था और फरार था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।