गुना जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन ने जुआरियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। स्थानीय पुलिस को मिली गुप्त सूचनाओं के आधार पर कैंट, सिटी कोतवाली और चाचौड़ा के बीनागंज क्षेत्र में एक साथ छापेमार कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने जुआ खेल रहे लोगों को दबोचने में सफलता हासिल की।
कैंट थाना क्षेत्र में खेतों में चल रहा था फड़, चार गिरफ्तार और दो फरार
कैंट थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सकतपुर तालाब के पास खेतों में कुछ लोग हार-जीत का दांव लगा रहे हैं। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और अंशुल जैन, सुरेंद्र रजक, योगेश गोस्वामी तथा हिमांशु खटीक को धर दबोचा। हालांकि, इस दौरान गोमसी जैन और संजू साहू उर्फ संसू सेमसन मक्के के खेत की आड़ लेकर भाग निकलने में सफल रहे। पुलिस ने इस कार्रवाई में 25 हजार 545 रुपए नकद और ताश की गड्डियां जब्त की हैं।
सिटी कोतवाली पुलिस ने श्रीराम कॉलोनी के बगीचे में की कार्रवाई
दूसरी ओर, सिटी कोतवाली पुलिस को श्रीराम कॉलोनी के एक मेडिकल बगीचे में जुआ खेले जाने की खबर मिली थी। पेड़ों के बीच लाइट की रोशनी में जुए की महफिल सजी हुई थी। पुलिस ने दबिश देकर भैयालाल कुशवाह, वीरेंद्र ओझा, दुर्गेश शर्मा और सुरेश कुशवाह को मौके पर ही पकड़ लिया। इनके पास से 700 रुपए नकद और ताश के 52 पत्ते बरामद किए गए।
बीनागंज में पर्वत की होटल के पास हत्थे चढ़े पांच जुआरी
चाचौड़ा थाना अंतर्गत बीनागंज चौकी पुलिस ने भी गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पर्वत की होटल के पास बिजली के खंभे की रोशनी में जुआ खेल रहे पांच लोगों को पुलिस ने घेर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पर्वत मीना, विनोद लोधी, बलराम सोनी, अनिल शाक्यवार और दिनेश शाक्यवार के रूप में हुई है, जिनके कब्जे से 3 हजार 730 रुपए नकद मिले।
पुलिस द्वारा पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में जुआ एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। स्थानीय पुलिस अब फरार हुए दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे मामले में आगे की कानूनी जांच जारी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!